न्यूज पोर्टल पर गलत खबर का खंडन, डॉक्टर पर दबाव में गलत रिपोर्ट लेने का आरोप असत्य, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह काफिले की गाड़ी को टक्कर, ब्रेथ एनालाइजर में अल्कोहल की पुष्टि
चंदौली पुलिस ने न्यूज पोर्टल की भ्रामक खबर का खंडन किया, चिकित्सक पर दबाव का आरोप असत्य बताया, विधायक सुशील सिंह के काफिले की गाड़ी को टक्कर, ब्रेथ एनालाइजर में अल्कोहल की पुष्टि, ब्लड सैंपल को लेकर वायरल वीडियो का सच सामने आया।
चंदौली पुलिस ने भ्रामक खबर का किया खंडन
चिकित्सक पर दबाव में गलत रिपोर्ट का आरोप असत्य
सैयदराजा विधायक सुशील सिंह के काफिले की गाड़ी को टक्कर
ब्रेथ एनालाइजर में अल्कोहल की हुई पुष्टि
ब्लड सैंपल को लेकर वायरल वीडियो का सच आया सामने
चंदौली जिले की पुलिस आजकल बिना किसी पुष्टि के तथ्यहीन खबर चलाने वाले समाचार पोर्टलों पर शिकंजा कसने की कोशिश कर रही है। इसीलिए एक के बाद एक फर्जी खबरों पर खंडन और अपना स्पष्टीकरण देने की कोशिश कर रही है। इसी क्रम में पुलिस ने एक न्यूज पोर्टल पर प्रसारित भ्रामक एवं तथ्यहीन खबर का खंडन किया है। पुलिस ने साफ कहा है कि चिकित्सक पर दबाव में गलत रिपोर्ट लेने का आरोप पूर्णतः असत्य है।
क्या है पूरा मामला?
दिनांक 23 नवंबर 2026 को सायं करीब 07:30 से 08:00 बजे के मध्य थाना कोतवाली चन्दौली क्षेत्रान्तर्गत कमलापति अस्पताल के पास माननीय विधायक सैयदराजा सुशील सिंह के काफिले की गाड़ी को टक्कर मारने की घटना हुई थी। इस प्रकरण में आरोपी चालक के ब्रेथ एनालाइजर परीक्षण में प्राथमिक रूप से अल्कोहल की पुष्टि हुई थी, जिसके वैज्ञानिक परीक्षण हेतु मेडिकल के दौरान चिकित्सक से ब्लड सैंपल लेने का अनुरोध किया गया था।
चिकित्सक ने क्यों मना किया था सैंपल लेने से?
सम्बन्धित चिकित्सक द्वारा यह कहते हुए ब्लड सैंपल लेने से मना किया गया कि उन्हें एल्कोहॉल की स्मेल नहीं आ रही है। इसी के क्रम में क्षेत्राधिकारी सदर द्वारा फोन पर वार्ता कर चिकित्सक को कहा गया कि पुष्टिकारक साक्ष्य के लिए ब्लड सैंपल लें। स्मेल के आधार पर अपना निष्कर्ष न दें। इस पर भी उक्त चिकित्सक द्वारा हीलाहवाली की गई, जिस पर CMO चंदौली के संज्ञान में प्रकरण लाने पर अंततः ब्लड सैंपल लिया गया।
वायरल वीडियो का क्या है सच?
पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो क्षेत्राधिकारी सदर से इसी बातचीत का है, जिसे गलत तरीके से प्रसारित किया जा रहा है। चिकित्सक द्वारा प्रारंभ में सैंपल न लिए जाने के कारणों की जांच हेतु सीएमओ को रिपोर्ट प्रेषित की जा रही है। अतः पुलिस द्वारा दबाव में गलत रिपोर्ट लिए जाने का आरोप पूर्णतः असत्य व भ्रामक है।
विधायक सुशील सिंह ने क्या कहा?
आपको बता दें कि इस मामले में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने भी कहा था कि जब उन्होंने टक्कर मारने वाली गाड़ी के चालक से बात की थी तो उनको वह नशे में नहीं दिखाई दे रहा था। हालांकि वह इस मामले की जांच पड़ताल और कार्यवाही करने के लिए चंदौली पुलिस को फ्री हैंड दे रखा है।