Police Smriti Diwas: पुलिस लाइन में शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि, SP आकाश पटेल ने बताया शौर्य गाथा का इतिहास
चंदौली पुलिस लाइन में पुलिस स्मृति दिवस पर SP आकाश पटेल ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी, कहा शहीदों का बलिदान कर्तव्य के प्रति प्रेरणा देता है, देश में 154 पुलिसकर्मी शहीद।
चंदौली पुलिस लाइन श्रद्धांजलि कार्यक्रम
SP आकाश पटेल ने दी शहादत को नमन
एक साल में 154 पुलिसकर्मी शहीद
यूपी के 6 जवानों ने दिया बलिदान
1959 हॉट स्प्रिंग शहादत की याद
देश की रक्षा और समाज की सुरक्षा में अपनी जान देने वाले वीर पुलिस जवानों को चंदौली में याद किया गया। मंगलवार 21 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन चंदौली में पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक चंदौली श्री आकाश पटेल ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी और उनके बलिदान को नमन किया।
एसपी आकाश पटेल ने अपने संबोधन में पुलिसकर्मियों को शहीदों की शौर्य गाथा सुनाई। उन्होंने कहा कि अपने कर्तव्य को निभाते हुए मातृभूमि की रक्षा के लिए प्राणों की आहुति देने वाले बहादुरों का बलिदान हमेशा हमें अपने कर्तव्यों के प्रति मजबूती से खड़े रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि आइए उन बहादुरों को शत-शत नमन करें, जिनके लिए कर्तव्य प्राणों से भी ज्यादा प्यारा था। हमें भी इन वीरों से सीख लेकर मन-वचन-कर्म से पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी ड्यूटी करनी चाहिए।
एक साल में देश में 154 जवान शहीद
इस मौके पर बताया गया कि 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक पूरे भारत में कर्तव्य निभाते हुए 154 पुलिसकर्मियों ने अपनी जान दी है। इनमें से उत्तर प्रदेश के 6 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
यूपी के शहीदों में उपनिरीक्षक मोहित कुमार यादव, उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह, आरक्षी अशोक कुमार, आरक्षी प्रदीप कुमार, फायर सर्विस चालक तीर्थपाल सिंह और फायरमैन रोहित कुमार यादव शामिल हैं। इन वीरों के पराक्रम से पूरे प्रदेश की पुलिस गौरवान्वित है।
क्यों मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस
आपको बता दें कि पुलिस स्मृति दिवस हर साल 21 अक्टूबर को मनाया जाता है। इसकी कहानी 1959 से जुड़ी है। 21 अक्टूबर 1959 को भारत की उत्तरी सीमा लद्दाख के हॉट स्प्रिंग में, समुद्र तल से करीब 10 हजार फीट की ऊंचाई पर बर्फ से ढके सुनसान इलाके में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 10 वीर जवानों ने चीनी सैनिकों के धोखे से किए गए हमले का डटकर मुकाबला किया था और अपनी जान दे दी थी।
उसी बलिदान की याद में हर साल 21 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है और पिछले एक साल में शहीद हुए साथियों को श्रद्धांजलि दी जाती है।
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन सतीश चन्द्र शुक्ला, क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारू द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी सदर नामेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरूण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा, क्षेत्राधिकारी कार्यालय संजय राय, क्षेत्राधिकारी चकिया अजीत सिंह चौहान और प्रतिसार निरीक्षक वेदमणी मिश्र समेत सभी थाना प्रभारी, पुलिस कार्यालय और पुलिस लाइन में तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
सभी ने शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।