फांसी लगाने जा रही महिला के लिए देवदूत बनी PRV-7411, जांबाज पुलिसकर्मियों को ASP ने किया सम्मानित

 

चंदौली के सैयदराजा में पारिवारिक विवाद के बाद फांसी लगा रही महिला को यूपी-112 की टीम ने अपनी सूझबूझ से बचा लिया। उत्कृष्ट कार्य के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ने दोनों जांबाज पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। पढ़िए पूरी खबर...

 
 

सैयदराजा में फांसी लगा रही महिला की बचाई जान

यूपी-112 की टीम ने दिखाई त्वरित सूझबूझ और संवेदनशीलता

अपर पुलिस अधीक्षक सतीश चन्द्र शुक्ला ने दिया प्रशस्ति पत्र

उ0नि0 ओमप्रकाश राम और चालक मुरलीश्याम तिवारी हुए सम्मानित

एसपी चन्दौली आकाश पटेल ने पुलिसकर्मियों की सराहना की

चंदौली जिले के थाना सैयदराजा क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन सतीश चन्द्र शुक्ला की मौजूदगी में एक मिसाल कायम हुई है। मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई से एक महिला की जान बचाने वाले यू0पी0-112 (PRV-7411) के पुलिसकर्मियों को 'प्रशस्ति पत्र' देकर सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उत्कृष्ट कार्य (जीवन रक्षा) की श्रेणी के तहत प्रदान किया गया।

जानिए क्या थी पूरी घटना
घटना 18 सितंबर 2026 की सुबह करीब 07:26 बजे की है। थाना सैयदराजा क्षेत्र के अंतर्गत इवेंट संख्या 02823 के जरिए सूचना मिली कि पारिवारिक विवाद के कारण एक महिला आत्महत्या का प्रयास कर रही है। सूचना मिलते ही PRV-7411 पर तैनात उपनिरीक्षक (उ0नि0) ओमप्रकाश राम और होमगार्ड चालक मुरलीश्याम तिवारी बिना कोई समय गंवाए तत्काल मौके पर पहुंच गए।

कमरे का दरवाजा खोलकर सुरक्षित बाहर निकाला
घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों ने देखा कि पति से विवाद के बाद दुखी होकर महिला ने खुद को कमरे के अंदर बंद कर लिया था और फांसी लगाने की कोशिश कर रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए PRV कर्मियों ने अदम्य साहस, संवेदनशीलता और सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने तुरंत कमरे का दरवाजा खोला और महिला को फांसी के फंदे से सुरक्षित बचाकर उसकी जान बचाई।

अपर पुलिस अधीक्षक ने की भूरि-भूरि प्रशंसा
संकट के समय में पुलिसकर्मियों द्वारा लिए गए त्वरित फैसले और मानवीय दृष्टिकोण को देखते हुए चंदौली पुलिस की चौतरफा तारीफ हो रही है। पुलिस अधीक्षक चंदौली द्वारा दोनों कर्मियों की इस त्वरित प्रतिक्रिया और कर्तव्यनिष्ठा की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन द्वारा उ0नि0 ओमप्रकाश राम (पीएनओ-950831004) और होमगार्ड चालक मुरलीश्याम तिवारी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।