किसानों के लिए खुशखबरी: रबी फसलों के लिए बीज-खाद की भरमार, अफवाहों पर न दें ध्यान 

चंदौली जिले में रबी सीजन के लिए पर्याप्त मात्रा में यूरिया और डीएपी उपलब्ध है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि गेहूं बीज की बुकिंग दोबारा शुरू हो चुकी है।

 
 

चंदौली जिले में रबी सीजन हेतु खाद की पर्याप्त उपलब्धता

गेहूं बीज पर 50 से 100 प्रतिशत तक का अनुदान

राजकीय बीज गोदामों से गेहूं बीज की दोबारा बुकिंग शुरू

समितियों पर 842 मीट्रिक टन अतिरिक्त यूरिया व डीएपी आपूर्ति

फार्मर आईडी और खतौनी लेकर नियमानुसार खाद खरीदें किसान

रबी सीजन में फसलों की बुवाई को ध्यान में रखते हुए चंदौली का कृषि विभाग पूरी तरह सक्रिय है। जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि जिले में खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। किसानों को समय से खाद और बीज मिले, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। रबी सीजन के लिए 1 अक्टूबर से 27 नवंबर तक खाद का वितरण किया जा चुका है और इसके बाद भी जिले में उर्वरकों की कोई किल्लत नहीं है।

गेहूं बीज पर अनुदान और दोबारा बुकिंग शुरू
किसानों के लिए राजकीय बीज गोदामों पर ई-लॉटरी और ऑटो कंफर्म प्रक्रिया के जरिए 50 से 100 प्रतिशत तक अनुदान पर बीज दिए जा रहे हैं। गेहूं के 10,476.60 कुंतल के तय लक्ष्य के मुकाबले अब तक 6,883.15 कुंतल बीज का वितरण हो चुका है और बाकी बचा वितरण तेजी से किया जा रहा है। किसानों की सुविधा के लिए गेहूं के बीज की बुकिंग दोबारा खोल दी गई है, जिससे इच्छुक किसान बुकिंग कर बीज प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा 31 कुंतल सरसों, 7.40 कुंतल मटर और 286.4 कुंतल चना का वितरण जारी है, जबकि चना, मसूर, तोरिया, अलसी व सरसों के निःशुल्क मिनीकिट जनप्रतिनिधियों के जरिए बांटे जा चुके हैं।

यूरिया और डीएपी का वर्तमान स्टॉक
विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 28 और 29 नवंबर के बीच विभिन्न सहकारी समितियों पर 842 मीट्रिक टन यूरिया और डीएपी की अतिरिक्त खेप भेजी जाएगी। जिले में इस समय यूरिया का 17,690 मीट्रिक टन, डीएपी का 5,113 मीट्रिक टन, एमओपी का 433 मीट्रिक टन, एनपीके का 3,399 मीट्रिक टन और एसएसपी का 8,435 मीट्रिक टन का स्टॉक उपलब्ध है।

वितरण आंकड़े और कुल निर्धारित लक्ष्य
जिले में 27 नवंबर तक यूरिया 3,935.60 मीट्रिक टन, डीएपी 5,070.60 मीट्रिक टन, एनपीके 199.8 मीट्रिक टन और एसएसपी 559 मीट्रिक टन बांटा जा चुका है। चालू रबी सीजन में विभाग की ओर से कुल यूरिया 36,480 मीट्रिक टन, डीएपी 12,058 मीट्रिक टन, एमओपी 579 मीट्रिक टन, एनपीके 2,180 मीट्रिक टन और एसएसपी 5,032 मीट्रिक टन वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

किसानों से अपील और संपर्क सूत्र
जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे खाद खरीदते समय अपनी फार्मर आईडी या प्रमाणित खतौनी साथ लेकर ही क्रय केंद्रों पर आएं और नियमानुसार खाद खरीदें। यदि किसी किसान को खाद या बीज से जुड़ी कोई समस्या आती है, तो वे एआर कोऑपरेटिव या जिला कृषि अधिकारी से सीधे संपर्क कर सकते हैं या फोन पर बात करके अपनी समस्या का समाधान करा सकते हैं।