बबुरी से 40 दिन से लापता युवक रोहित केशरी का सुराग नहीं, किडनैप को लेकर आनाकानी कर रही है बबुरी पुलिस
लापता रोहित केशरी मामले ने पकड़ा तूल
40 दिन से रोहित केशरी है लापता
परिजनों ने अपहरण का लगाया आरोप
बबुरी पुलिस पर लगाया मामले में मदद न करने का आरोप
आला-अफसरों तक पहुंचा मामला तो हरकत में आयी पुलिस
चंदौली जनपद के बबुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बा निवासी एक युवक के लापता होने का मामला लगातार गहराता जा रहा है। जानकारी के अनुसार, बबुरी कस्बा निवासी रोहित केशरी (पुत्र विनोद केशरी) 27 सितंबर की शाम से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं। 40 दिनों से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस युवक का कोई सुराग नहीं लगा पाई है, जिससे परिजनों में आक्रोश है।
लापता होने से पहले की बातचीत
परिजनों ने खुलासा किया है कि रोहित ने लापता होने की रात अपनी पत्नी और भाई से फोन पर बात की थी। बातचीत के दौरान वह बहुत रो रहा था और उसने बताया कि उस पर जबरन अधिक रकम कबूलवाने का दबाव बनाया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, रोहित ने इंद्रपुरवा गांव के स्वर्गीय राजेश यादव से कुछ पैसे लिए थे, और इसी लेन-देन के विवाद के चलते परिवार को संदेह है कि रोहित का अपहरण किया गया है।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
युवक के लापता होने के बाद से ही उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा है। पीड़ित परिवार ने स्वर्गीय राजेश यादव की पत्नी, पुत्र और उनके रिश्तेदार पर रोहित के अपहरण का सीधा आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने बबुरी थाने में कई बार शिकायत की, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय पर जांच शुरू की गई होती तो शायद रोहित का पता चल जाता।
निराश होकर परिजन अब पुलिस अधीक्षक (एसपी) चंदौली से मिले और उनसे पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने संबंधित थाना प्रभारी को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने आश्वासन दिया है कि वह खुद मामले को हैंडल कर रहे हैं और जल्द ही खुलासा किया जाएगा।