चंदौली समाचार की महाबैठक: पत्रकारों को मिलेगा ग्रुप टर्म इंश्योरेंस, मुगलसराय से चकिया तक ग्राउंड रिपोर्टिंग मजबूत करने का मेगा प्लान
'चंदौली समाचार' की टीम मीटिंग में डिजिटल मीडिया के भविष्य और जनसमस्याओं को प्रमुखता देने पर मंथन हुआ। बैठक में पत्रकारों के लिए ग्रुप टर्म इंश्योरेंस लागू करने और चंदौली कॉनक्लेव 2026 की रिपोर्ट सौंपने का फैसला किया गया।
चंदौली समाचार की टीम मीटिंग
पत्रकारों का होगा टर्म इंश्योरेंस
नए संवाददाताओं की होगी भर्ती
वीडियो आधारित खबरों पर फोकस
कॉनक्लेव 2026 की रिपोर्ट तैयार
'चंदौली समाचार' वेब पोर्टल की एक बेहद महत्वपूर्ण और रणनीतिक टीम मीटिंग शनिवार को आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के कोने-कोने से आए पत्रकारों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य डिजिटल मीडिया के बदलते दौर में खबरों की गुणवत्ता को और ज्यादा धारदार बनाना तथा अधिक से अधिक पाठकों तक अपनी विश्वसनीय पहुंच स्थापित करना रहा। इस दौरान सभी ने एक सुर में जनसमस्या प्रधान खबरों को प्राथमिकता देने और जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया।
मुगलसराय से चकिया तक टीम विस्तार की तैयारी
वेबसाइट को पाठकों की उम्मीदों पर और बेहतर बनाने के लिए टीम के विस्तार पर विस्तार से चर्चा हुई। जिले के बड़े क्षेत्रों जैसे मुगलसराय, धानापुर और चकिया में नए स्थानीय संवाददाताओं को टीम से जोड़ने की रूपरेखा तैयार की गई। इसी कड़ी में कंदवा इलाके से नए साथी अनिल सिंह का पूरी टीम ने गर्मजोशी से स्वागत किया। अब आने वाले दिनों में पाठकों को पारंपरिक खबरों के साथ-साथ खास इंटरव्यू आधारित बड़ी खबरें और आकर्षक वीडियो कंटेंट भी देखने को मिलेगा।
पत्रकारों और उनके परिवारों को मिलेगी सुरक्षा
क्षेत्र में दिन-रात दौड़ने वाले ग्राउंड पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर इस बैठक में एक बहुत बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया गया। 'चंदौली समाचार' प्रबंधन ने तय किया है कि टीम के सभी सक्रिय पत्रकारों का ग्रुप टर्म इंश्योरेंस कराया जाएगा। इस कदम से न केवल पत्रकारों को बल्कि उनके परिवारों को भी किसी अनहोनी की स्थिति में एक्सीडेंटल क्लेम और इलाज की मुकम्मल सुविधा मिल सकेगी। इस कल्याणकारी योजना की उपस्थित सभी सहयोगियों ने खूब सराहना की।
अफसरों और मंत्रियों को सौंपी जाएगी कॉनक्लेव की रिपोर्ट
बैठक में जानकारी दी गई कि हाल ही में आयोजित हुए 'चंदौली कॉनक्लेव 2026' की विस्तृत समीक्षा रिपोर्ट पूरी तरह से तैयार हो चुकी है। इस खास रिपोर्ट को टीम के सदस्य जल्द ही जिलाधिकारी (DM) और मुख्य विकास अधिकारी (CDO) को सौंपेंगे। इसके साथ ही क्षेत्र के विकास का खाका समेटे इस रिपोर्ट को सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिले के प्रभारी मंत्री और सभी स्थानीय विधायकों को भी भेंट किया जाएगा।
बैठक में विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पाठकों और सब्सक्राइबर्स के आंकड़ों को साझा किया गया तथा अगले बड़े आयोजन को और भव्य बनाने की रणनीति बनी। इस मौके पर मुख्य रूप से विनय तिवारी, अरुण मौर्या, अश्विनी मिश्रा, अतुल रत्न मिश्रा, प्रमोद यादव, अनिल सिंह, फैजान अहमद, सुजीत यादव, गोविन्द केशरी, मिथिलेश कुमार, सुजीत मौर्या और गोपाल तिवारी 'गोलू' समेत कई प्रमुख सहयोगी मौजूद रहे।