सकलडीहा पुलिस की मनमानी से भड़के व्यापारी, SP आकाश पटेल से मिलकर इंस्पेक्टर को हटाने की मांग
चंदौली में पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज दर्जनों व्यापारी अपनी दुकानें बंद कर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकान्त अग्रहरि के नेतृत्व में SP आकाश पटेल से मिलकर सकलडीहा इंस्पेक्टर पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
SP आकाश पटेल से मिले व्यापारी
सकलडीहा पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
व्यापारियों पर दर्ज फर्जी मुकदमे का विरोध
खुलेआम शराब और गांजा बिक्री का मुद्दा
चंदौली जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली और व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर आज 15 सितंबर को सुबह 10 बजे एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकान्त अग्रहरि के नेतृत्व में दर्जनों व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल से मुलाकात की और अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
सकलडीहा पुलिस की कार्यप्रणाली से भड़का आक्रोश
जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकान्त अग्रहरि ने SP को बताया कि 2 सितंबर को एक व्यापारी की दुकान में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की गई थी। सकलडीहा अध्यक्ष कृष्णा सेठ ने पीड़ित व्यापारी का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि इसके बाद 10 सितंबर को पुलिस ने गलत तरीके से 3 व्यापारियों पर मुकदमा दर्ज कर दिया, जिनमें से 2 नामजद व्यक्ति घटना के वक्त मौके पर थे ही नहीं। local पुलिस की इस कार्रवाई से व्यापारियों में भारी आक्रोश है।
खुलेआम नशीले पदार्थों की बिक्री पर उठाए सवाल
व्यापारियों ने शिकायत की कि सकलडीहा क्षेत्र में आधी रात और सुबह के वक्त धड़ल्ले से शराब बेची जा रही है। इसके साथ ही बाजारों और बस्तियों में गांजा खुलेआम बिक रहा है। सकलडीहा पुलिस के मौन रहने के कारण अराजक तत्व आए दिन व्यापारियों और आम लोगों के साथ विवाद, गाली-गलौज और मारपीट कर रहे हैं, जिससे व्यापारियों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।
सकलडीहा इंस्पेक्टर पर गंभीर आरोप और हटाने की मांग
सकलडीहा अध्यक्ष कृष्णा सेठ ने कहा कि व्यापारियों के प्रति इंस्पेक्टर का रवैया ठीक नहीं है। वे पीड़ित व्यापारी पर डर-भय दिखाकर सुलह का दबाव बना रहे हैं। पुलिस की अभद्र भाषा शैली और खराब कार्यशैली से सरकार की छवि धूमिल हो रही है। व्यापारियों ने सकलडीहा इंस्पेक्टर की जवाबदेही तय करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग की और 5 शिकायत पत्र सौंपे।
इलिया, चकिया और सैदूपूर की समस्याएं भी रखीं
बैठक में केवल सकलडीहा ही नहीं, बल्कि इलिया, चकिया और सैदूपूर के व्यापारियों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया और जल्द निस्तारण की मांग की गई। SP आकाश पटेल ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और दोषियों तथा गलत काम करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
इस दौरान अपने प्रतिष्ठान बंद कर पहुंचे व्यापारियों में मुख्य रूप से राकेश मोदनवाल, अशोक केशरी, महमूद आलम, प्रदीप कुमार, कृष्णा सेठ, रत्नेश गुप्ता, ज्ञानप्रकाश सिंह, राजीव कुमार, अखिलेश कुमार, कमल सिंह और दयाराम जायसवाल समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।