चंदौली SP आकाश पटेल का एक और बड़ा एक्शन, लापरवाही पर सब-इंस्पेक्टर सकलैन अहमद सस्पेंड, 3 पर जांच के आदेश

 

चंदौली एसपी आकाश पटेल ने सकलडीहा सर्किल की विवेचनाओं की समीक्षा के दौरान लापरवाही बरतने पर उप-निरीक्षक सकलैन अहमद को निलंबित कर दिया है। वहीं, 3 अन्य विवेचकों के खिलाफ जांच के आदेश जारी किए गए हैं।

 
 

चंदौली एसपी आकाश पटेल की सख्त कार्रवाई

धानापुर थाने के दरोगा निलंबित

तीन अन्य विवेचकों के खिलाफ जांच के आदेश

60 से 90 दिन में विवेचना निपटाने के निर्देश

पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने पर जोर

चंदौली के पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सकलडीहा सर्किल में लंबित पड़ी जांच की समीक्षा के दौरान कड़ी कार्रवाई की है। समयसीमा (60/90 दिवस) के भीतर मुकदमों का निस्तारण न करने और ढिलाई बरतने के आरोप में एसपी ने 1 उप-निरीक्षक  को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि 3 अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

डेढ़ साल से लटकी जांच पर गिरी गाज
समीक्षा के दौरान थाना धानापुर पर दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 04/2025 की जांच में भारी लापरवाही सामने आई। मुकदमे को पंजीकृत हुए लगभग 1 वर्ष 6 माह (डेढ़ साल) का समय बीत जाने के बावजूद जांच की कोई खास प्रगति नहीं हुई थी। इस गंभीर लापरवाही पर एक्शन लेते हुए एसपी ने धानापुर थाने के उप-निरीक्षक सकलैन अहमद को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।

तीन अन्य विवेचकों के खिलाफ दिए गए जांच के आदेश
इसके अलावा थाना धीना और थाना बलुआ में दर्ज गंभीर मामलों की विवेचना में 60 और 90 दिनों से अधिक समय बीत जाने के बाद भी घटना का खुलासा न करने और ढिलाई बरतने पर गाज गिरी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित 3 विवेचकों के खिलाफ नियमानुसार जांच का आदेश जारी किया है।

पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना ही प्राथमिकता
समीक्षा बैठक के दौरान एसपी आकाश पटेल ने सभी विवेचकों को सख्त लहजे में हिदायत दी कि 60/90 दिनों की सीमा में आने वाले मुकदमों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण जांच पुलिस की पहली प्राथमिकता है। विवेचना में बेवजह की देरी या लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।