बैंड-बाजा-बारात के लिए पुलिस की सख्त गाइडलाइन, रात 10 बजे के बाद डीजे बजाया या सड़क जाम की तो खैर नहीं

 

चन्दौली के एसपी आकाश पटेल ने मैरिज लॉन, डीजे और बैंड संचालकों के साथ मीटिंग कर कड़े नियम जारी किए हैं। बारात में लेजर लाइट चलाने, सड़क जाम करने और रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने पर अब सीधी कानूनी कार्रवाई होगी।

 
 

एसपी आकाश पटेल ने ली बड़ी बैठक

रात 10 बजे के बाद डीजे पर पूरी रोक

लेजर लाइट जलाने पर उपकरण होंगे जब्त

सड़क के एक-तिहाई हिस्से में ही निकलेगी बारात

मैरिज लॉन में पार्किंग के लिए रखने होंगे वालंटियर

चन्दौली जिले में अब शादी-ब्याह और सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान डीजे का कानफाड़ू शोर, लेजर लाइट की चकाचौंध और सड़कों पर लगने वाला लंबा जाम देखने को नहीं मिलेगा। पुलिस लाइन के नए सभागार में पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्री आकाश पटेल ने मैरिज लॉन, डीजे और बैंड बाजा संचालकों के साथ एक बड़ी बैठक की। इस बैठक में एसपी साहब ने साफ कर दिया कि खुशियों के माहौल में आम जनता को कोई तकलीफ नहीं होनी चाहिए।

मैरिज लॉन में पार्किंग जरूरी, सड़क पर गाड़ी खड़ी की तो होगी विधिक कार्रवाई
एसपी आकाश पटेल ने मैरिज लॉन मालिकों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे अपने परिसर के अंदर गाड़ियों को खड़ी करने के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था करें। वाहनों को लाइन से खड़ा करवाने के लिए मैरिज लॉन को अपने खर्चे पर वालंटियर या मार्शल रखने होंगे। अगर किसी भी लॉन के बाहर सड़क पर गाड़ियां खड़ी मिलीं या जाम लगा, तो मालिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

रात 10 बजे के बाद डीजे बंद, लेजर लाइट जलाई तो सामान होगा जब्त
डीजे संचालकों के लिए भी पुलिस ने सख्त लक्ष्मण रेखा खींच दी है। अब किसी भी हाल में रात 10:00 बजे के बाद लाउडस्पीकर या डीजे नहीं बजेगा। इसके साथ ही बारात में चमकने वाली लेजर लाइटों पर पूरी तरह बैन लगा दिया गया है। एसपी ने बताया कि इन लाइटों की वजह से सड़क पर आने-जाने वाले गाड़ी चालकों को दिखना बंद हो जाता है, जिससे बड़े एक्सीडेंट होते हैं। नियम तोड़ने पर सीधे डीजे जब्त कर लिया जाएगा।

सड़क के सिर्फ एक-तिहाई हिस्से में ही निकलेगी बारात
बैंड वालों को हिदायत दी गई है कि बारात या जुलूस के दौरान सड़क का सिर्फ एक-तिहाई (1/3) हिस्सा ही इस्तेमाल होना चाहिए, ताकि बाकी सड़क से ट्रैफिक आराम से गुजर सके। इसके लिए बैंड मालिकों को भी अपने वालंटियर लगाने होंगे। इस मीटिंग में एएसपी सदर श्री अनन्त चन्द्रशेखर, एएसपी ऑपरेशन श्री सतीश चन्द्र शुक्ला और सभी थानों के प्रभारी मौजूद रहे, जिन्हें नियमों का कड़ाई से पालन कराने की जिम्मेदारी दी गई है।