रक्षाबंधन से पहले SP ऑफिस पहुंचीं स्कूली छात्राएं, पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की कलाई पर बांधी राखी

 

रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में स्कूली छात्राओं ने चंदौली के पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल से शिष्टाचार मुलाकात की। छात्राओं ने एसपी की कलाई पर राखी बांधकर शुभकामनाएं दीं, जिस पर एसपी ने उन्हें सुरक्षा, सहयोग और उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।

 
 

चंदौली एसपी ऑफिस में रक्षाबंधन का आयोजन

छात्राओं ने एसपी आकाश पटेल को बांधी राखी

पुलिस और जनता के बीच बढ़ा विश्वास

एसपी ने दिया बेटियों की सुरक्षा का भरोसा

छात्राओं को शिक्षा और तरक्की के लिए प्रेरित किया

चंदौली जिले में आगामी रक्षाबंधन पर्व के खास मौके पर चंदौली जिले में पुलिस और आम जनता के बीच एक बेहद भावुक और आत्मीय दृश्य देखने को मिला। स्थानीय विद्यालय से आई छात्राओं ने चंदौली के पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल से शिष्टाचार मुलाकात की और उन्हें राखी बांधी। 

इस आत्मीय अवसर पर छात्राओं ने एसपी की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर भाई-बहन के प्रेम, विश्वास, स्नेह और सुरक्षा के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। एसपी आकाश पटेल ने सभी छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सुरक्षा और सम्मान के प्रति चंदौली पुलिस पूरी तरह संवेदनशील
छात्राओं से संवाद करते हुए एसपी आकाश पटेल ने कहा कि चंदौली पुलिस हमेशा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने बेटियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि किसी भी समस्या, असुरक्षा या उत्पीड़न की स्थिति में उन्हें बिना किसी झिझक के पुलिस से संपर्क करना चाहिए।

एसपी ने भरोसा दिलाया कि चंदौली पुलिस हर समय उनकी सहायता और सुरक्षा के लिए तत्पर खड़ी है। उन्होंने कहा कि बेटियां हमारे समाज की असली शक्ति हैं और उनकी सुरक्षा तथा सम्मान हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

शिक्षा और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की दी सीख
बातचीत के दौरान पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं को पढ़ाई के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हर बेटी को आत्मविश्वास के साथ अपने सुंदर भविष्य का निर्माण करना चाहिए।

रक्षाबंधन के पावन पर्व पर छात्राओं द्वारा पुलिस कप्तान को राखी बांधने का यह कार्यक्रम काफी सराहा जा रहा है। इस आत्मीय आयोजन ने पुलिस और समाज के बीच विश्वास, अपनत्व और संवेदनशीलता के रिश्ते को और ज्यादा मजबूत किया है।