व्यापारियों ने SP के साथ मीटिंग करके रखी मांग, इन मुद्दों पर जल्द से जल्द हो कार्रवाई 

चंदौली पुलिस लाइन में आयोजित व्यापारी सुरक्षा बैठक में कानून-व्यवस्था और व्यापारिक समस्याओं पर मंथन हुआ। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा देते हुए लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए हैं।

 

पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में सुरक्षा बैठक

रोहिताश पाल हत्याकांड के खुलासे की मांग

बाजारों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील

कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति पर जोर

शहाबगंज के क्षतिग्रस्त पुल पर सुरक्षा चिंता

चंदौली जनपद के व्यापारिक हितों और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सोमवार, 6 अप्रैल 2026 को पुलिस लाइन सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में अपर जिलाधिकारी रतन वर्मा और अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चंद्रशेखर की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक में जिले भर के व्यापारियों का नेतृत्व उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने किया।

सुरक्षा और लंबित मामलों पर नाराजगी
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति का समर्थन किया, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की धीमी गति पर असंतोष जताया। उन्होंने विशेष रूप से कुछ माह पूर्व हुए व्यापारी रोहिताश पाल हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि अपराधी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिससे व्यापारियों में असुरक्षा का भाव है। इसके अलावा, जिले में कमर्शियल गैस सिलेंडर की भारी किल्लत के कारण व्यापार ठप होने की कगार पर है, जिस पर तत्काल ध्यान देने की मांग की गई।

बाजारों को 'तीसरी आंख' से लैस करने की अपील
जिलाध्यक्ष और जिला महामंत्री राकेश मोदनवाल ने सभी बाजार अध्यक्षों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने प्रतिष्ठानों और बाजारों के प्रमुख चौराहों पर अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। उन्होंने कहा कि कैमरों की मौजूदगी न केवल अपराध रोकने में सहायक है, बल्कि किसी अप्रिय घटना की स्थिति में पुलिस को साक्ष्य जुटाने और अपराधियों तक पहुँचने में बड़ी मदद करती है।

क्षेत्रीय समस्याओं पर भी हुआ विमर्श
बैठक में शहाबगंज के जिला महामंत्री महमूद आलम ने क्षतिग्रस्त पुल का मुद्दा उठाते हुए आवागमन को तत्काल नवनिर्मित पुल पर शिफ्ट करने की मांग की। वहीं, प्रदेश संगठन मंत्री अशोक केशरी ने सैदुपुर और चकिया क्षेत्र के बाजारों में पेट्रोलिंग बढ़ाने और स्पीड ब्रेकर लगवाने की आवश्यकता जताई। बैठक में 'सम्पूर्ण विश्वास निधि' नामक संस्था में फंसे व्यापारियों के धन की वापसी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा।

एसपी ने दिया सुरक्षा का पूर्ण भरोसा
व्यापारियों की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सुरक्षा और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। कार्यक्रम के प्रारंभ में व्यापारियों ने नवागत एसपी का माल्यार्पण कर और मिठाई खिलाकर भव्य स्वागत किया। इस दौरान जिले के विभिन्न बाजारों के सैकड़ों पदाधिकारी और व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।