सड़कों पर दौड़ेंगी अत्याधुनिक इंटरसेप्टर गाड़ियां, ओवरस्पीडिंग और ड्रंक ड्राइविंग पर लगेगी लगाम
चंदौली में सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा ने अत्याधुनिक उपकरणों से लैस इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन हाईवे पर ओवरस्पीडिंग और ड्रंक ड्राइविंग रोकने में मददगार साबित होंगे।
अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी
क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा ने किया रवाना
स्पीड लेजर गन और नाइट विजन कैमरों से लैस वाहन
हाईवे और संवेदनशील इलाकों में होगी सख्त निगरानी
ओवरस्पीडिंग और ड्रंक ड्राइविंग पर कसने लगाम
चंदौली जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने, ट्रैफिक नियमों का पालन कराने और आधुनिक तकनीक वाली स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। थाना चंदौली क्षेत्र के अंतर्गत मझवार स्टेशन के सामने से क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा ने अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नए इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
हाईटेक उपकरणों से लैस हैं ये वाहन
ये नए इंटरसेप्टर वाहन कोई साधारण गाड़ियां नहीं हैं, बल्कि इनमें कमाल की तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। गाड़ियों में आधुनिक स्पीड लेजर गन, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा, नाइट विजन कैमरा, ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR), वीडियो रिकॉर्डिंग सिस्टम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, ब्रेथ एनालाइजर और अल्कोहल मीटर जैसी सुविधाएं लगी हैं। इन हाईटेक गैजेट्स की मदद से नियमों को तोड़ने वालों पर तुरंत और सटीक कार्रवाई की जा सकेगी।
हाईवे और संवेदनशील जगहों पर रहेगी नजर
इन इंटरसेप्टर वाहनों की तैनाती जनपद के प्रमुख रास्तों, नेशनल और स्टेट हाईवे, मुख्य शहरी इलाकों और दुर्घटना की आशंका वाले संवेदनशील स्थानों पर की जाएगी। ओवरस्पीडिंग करने वालों, शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों (Drunk & Drive), रैश और स्टंट ड्राइविंग करने वालों, ध्वनि और वायु प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर अब इन गाड़ियों के जरिए सीधे शिकंजा कसा जाएगा।
सड़क हादसों में आएगी कमी, बढ़ेगी जागरूकता
सड़क हादसों को रोकने, सुगम यातायात बनाने और आम जनता को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए जिले के अलग-अलग हिस्सों में विशेष अभियान भी चलाए जाएंगे। क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी है कि वाहनों का संचालन पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता से किया जाए, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सही कार्रवाई हो और जनता को सुरक्षित सफर का अहसास हो।