चंदौली के लिए नया ट्रैफिक प्लान: कचहरी रोड पर 2 सितंबर से एक हफ्ते का ट्रायल शुरू, नया रूट डायवर्जन लागू
चंदौली में नया ट्रैफिक डायवर्जन लागू
कचहरी रोड पर वन-वे व्यवस्था
जाम से राहत के लिए ट्रायल
यातायात पुलिस का रूट प्लान
चंदौली जिले में लगातार लग रही जाम की समस्या से आम जनता को राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने एक नया कदम उठाया है। कस्बा चंदौली के कचहरी की तरफ जाने वाले एनएच-19 के सर्विस लेन पर यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए एकल मार्ग (वन-वे) व्यवस्था लागू की जा रही है। यह व्यवस्था 2 सितंबर 2026 की सुबह 8:00 बजे से शुरू कर दी गई है।
एक सप्ताह का किया जा रहा ट्रायल
यातायात पुलिस के अनुसार, जाम की स्थिति में सुधार लाने के लिए फिलहाल इसे प्रायोगिक तौर पर सिर्फ एक सप्ताह के लिए ट्रायल के रूप में शुरू किया गया है। इस ट्रायल के परिणामों और जनता के सहयोग को देखते हुए ही भविष्य में इसे स्थायी करने पर विचार किया जाएगा। प्रशासन ने इस व्यवस्था को सफल बनाने के लिए आम जनता और वाहन चालकों से पूरा सहयोग करने की अपील की है।
नया रूट डायवर्जन और नियम
नई व्यवस्था के तहत वाहनों के आने-जाने के रास्ते तय किए गए हैं:----
पहला- रेलवे ओवरब्रिज से सकलडीहा की तरफ से आने वाले वाहन ओवरब्रिज से उतरकर सीधे कमलापति अस्पताल अंडरपास जाएंगे और वहां से दाएं मुड़कर कचहरी की तरफ आएंगे।
दूसरा- पावर हाउस अंडरपास से दक्षिणी सर्विस लेन होते हुए कचहरी जाने वाले वाहनों पर रोक रहेगी। ये वाहन सीधे पुलिस लाइन के सामने की उत्तरी सर्विस लेन से होते हुए कमलापति अस्पताल अंडरपास से अपने गंतव्य तक जाएंगे।
तीसरा-कचहरी के सामने स्थित अंडरपास से किसी भी वाहन को उत्तरी लेन से दक्षिणी या दक्षिणी से उत्तरी लेन में जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी वाहन अपनी तय सर्विस लेन से ही आएंगे और जाएंगे।
प्रशासन की अपील
यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे नए नियमों का पालन करें और पुलिस का सहयोग करें ताकि शहर में लगने वाले लंबे जाम से सभी को छुटकारा मिल सके।