एक दिन में 374 वाहनों का चालान, ₹4 लाख का जुर्माना, 'बिना हेलमेट' के सबसे ज्यादा मामले
चंदौली में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन
यातायात जागरुकता माह में अधिक एक्शन
374 चालान, ₹3.99 लाख का जुर्माना
चंदौली पुलिस ने ब्लैक स्पॉट पर लगाए रिफ्लेक्टर
सड़क सुरक्षा के लिए चला विशेष सघन चेकिंग अभियान
चंदौली जिले में अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया और पुलिस उपमहानिरीक्षक परिक्षेत्र वाराणसी वैभव कृष्ण के निर्देश पर, चंदौली जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से 'यातायात जागरुकता माह नवंबर' के अवसर पर एक विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्णमुरारी शर्मा के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया, जिसमें यातायात पुलिस और जनपदीय थाना पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
374 चालान, ₹3.99 लाख का जुर्माना
प्रभारी निरीक्षक यातायात सत्य प्रकाश यादव के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष सघन चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई। पुलिस ने बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी, यातायात नियमों का उल्ल्घन करने वाले, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और मानक के अनुरूप नंबर प्लेट न लगाने वाले कुल 374 वाहनों का चालान किया। इस कार्रवाई में कुल 3,99,500 रुपये का भारी-भरकम जुर्माना अधिरोपित किया गया।
आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक 268 चालान बिना हेलमेट के किए गए, जो सुरक्षा नियमों के प्रति लोगों की लापरवाही को दर्शाता है। इसके अलावा नो पार्किंग में 24 और तीन सवारी में 16 वाहनों का चालान किया गया।
ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़
यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के क्रम में पुलिस ने सड़कों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया है। सड़क दुर्घटना संभावित स्थानों, जिन्हें ब्लैक स्पॉट कहा जाता है, पर विशेष रूप से रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं।
इस कार्यवाही के तहत रिफ्लेक्टर पट्टियां, और "नो-पार्किंग", "भारी वाहन प्रवेश वर्जित", "गति सीमा का पालन करें", "धीरे चलें–सुरक्षित चलें" जैसे महत्वपूर्ण संदेश वाले बोर्ड लगाए गए हैं, जिनका काम प्रगति पर है।
सड़क सुरक्षा जागरूकता पर जोर
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु चलाए गए इस विशेष अभियान के क्रम में पुलिस प्रमुख चौराहों, तिराहों और सार्वजनिक मार्गों पर लगातार भ्रमणशील रही। यातायात पुलिस चंदौली द्वारा सड़क सुरक्षा जागरुकता कार्यक्रम के तहत वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
चालकों को नशे की हालत में वाहन न चलाने, निर्धारित मानक से अधिक सवारी न बैठाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, अवयस्क को वाहन न चलाने देने, सीट बेल्ट का प्रयोग करने व दो पहिया वाहनों पर हेलमेट का प्रयोग करने की सलाह दी गई। पुलिस ने सख्त संदेश दिया है कि "सीटबेल्ट" और "हेलमेट" का प्रयोग अवश्य करें, क्योंकि यह जीवन रक्षा के लिए अनिवार्य है।