ट्रैफिक रूल न मानने वालों पर एक्शन जारी, आज केवल 97 गाड़ियों के हुए चालान
पुलिस अधीक्षक चंदौली के निर्देश पर कार्रवाई
यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान
बिना हेलमेट वालों को सबक सिखा रही है पुलिस
चंदौली जिले के पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर व सीओ यातायात के मार्गदर्शन में, यातायात पुलिस टीम ने ज़िले भर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान मुख्य रूप से क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वाले, बिना हेलमेट और नो पार्किंग में खड़े वाहनों को लक्षित करते हुए चलाया गया। इसमें ऑटो, निजी और व्यावसायिक वाहनों की विशेष रूप से जाँच की गई।
चालान और जागरूकता अभियान
चेकिंग के दौरान, कई वाहन चालक यात्री संख्या के निर्धारित मानकों का उल्लंघन करते पाए गए, जिनके विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्यवाही की गई। इस दौरान पुलिस टीम ने आमजन और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। लोगों को नशे में ड्राइविंग न करने, ओवरलोडिंग न करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने, नाबालिगों को वाहन न चलाने देने और सीट बेल्ट तथा हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने जैसे नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्रवाई का विवरण
दिनांक 1 अक्टूबर 2025 को चलाए गए इस विशेष चेकिंग अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 97 वाहनों का चालान किया गया। पुलिस की टीम ने यातायात पुलिस के साथ मिलकर सुरक्षा और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए यह सख़्त और प्रभावी कार्रवाई की है।
- बिना हेलमेट के वाहनों का चालान : 65
- नो पार्किंग में खड़े वाहनों का चालान : 09
- यातायात के अन्य धाराओं में चालान किए गए वाहन : 23
इस अभियान के तहत कुल 97 वाहनों से ₹1,23,000/- (एक लाख तेईस हज़ार रुपये) का चालान किया गया।