Chandauli Voter List: चंदौली में बढ़े 21 हजार से ज्यादा मतदाता, कुल संख्या हुई 13.42 लाख, जानिए कब लगेंगे विशेष कैंप

 

चंदौली में मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन हो गया है। जिले में कुल मतदाता बढ़कर 13,42,826 हो गए हैं। नए नाम जोड़ने के लिए चार दिन विशेष कैंप लगेंगे।

 
 

चंदौली में कुल मतदाता हुए 13,42,826

राजनीतिक दलों को सौंपी गई मतदाता सूची

महिला लिंगानुपात सुधारने पर रहेगा विशेष जोर

18,881 नए युवा मतदाता किए गए चिन्हित

21-22 व 28-29 नवंबर को लगेंगे विशेष कैंप

चंदौसी जिले में  मतदाता सूची जारी कर दी गयी है। आगामी अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर मंगलवार 17 नवंबर 2026 को चंदौली जिले में आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूची जारी कर दी गई है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्यीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की मौजूदगी में इस सूची की एक फोटोप्रति और एक सॉफ्ट कॉपी सौंपी गई। इस नई सूची के जारी होने के साथ ही जिले में मतदाता पुनरीक्षण अभियान ने तेजी पकड़ ली है।

जिले में बढ़े मतदाता, महिला लिंगानुपात सुधारने पर जोर

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं नवागत जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि 10 अप्रैल 2026 को हुए अंतिम प्रकाशन के समय जिले में कुल 13,20,890 मतदाता थे, जो 17 नवंबर 2026 तक बढ़कर 13,42,826 हो गए हैं। इनमें 7,29,523 पुरुष, 6,13,272 महिला और 31 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। वर्तमान में जिले में कुल 1,673 मतदेय स्थल और 926 मतदान केंद्र हैं। बैठक में पाया गया कि जिले में प्रति हजार पुरुषों पर महिला लिंगानुपात 840 है, जिसे सुधारकर 913 तक लाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही 18,881 नए युवा मतदाताओं को चिन्हित कर उनके नाम जोड़ने और ईपी रेशियो सुधारने पर विशेष बल दिया गया।

21-22 और 28-29 नवंबर को सभी 1,673 बूथों पर लगेंगे विशेष कैंप

निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अधिक से अधिक पात्र लोगों के नाम जोड़ने के लिए 21 व 22 नवंबर तथा 28 व 29 नवंबर 2026 को जिले के सभी 1,673 मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप लगेंगे। इन तिथियों को बूथ लेवल अधिकारी (BLO) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथों पर मौजूद रहकर वोटर लिस्ट दिखाने, नए नाम जोड़ने और गलतियों में सुधार करने का काम करेंगे। प्रशासन ने सभी नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।