चंदौली में वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का शानदार मौका, 17 और 24 अक्टूबर को आपके गांव में लगेंगे खास शिविर
चंदौली जिले में 17 और 24 अक्टूबर को वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहाँ पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकेंगे।
17 और 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष शिविर
बूथों पर सुबह 10 से शाम 4 बजे तक रहेंगे बीएलओ
नए वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरें
हर मतदान केंद्र पर बनाई जाएगी हेल्प डेस्क
डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने की पंजीकरण कराने की अपील
चंदौली जिले में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित रह गए पात्र नागरिकों और पहली बार वोट डालने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर है। जिले के सभी मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथों) पर आगामी 17 और 24 अक्तूबर को विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बूथों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बीएलओ मौजूद रहकर लोगों के आवेदन स्वीकार करेंगे।
हेल्प डेस्क पर मिलेगी फॉर्म भरने में मदद
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। दोनों विशेष शिविरों के दौरान हर मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क बनाई जाएगी, जहाँ फॉर्म-6 भरने और पंजीकरण कराने की पूरी प्रक्रिया में लोगों की मदद की जाएगी। आवेदन के समय नागरिकों को अपनी एक नवीनतम फोटो और जन्मतिथि व पते से जुड़ा जरूरी दस्तावेज जमा करना होगा।
वरिष्ठ अधिकारी खुद करेंगे शिविरों की निगरानी
शिविरों में मिलने वाले सभी आवेदनों का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाएगा। अभियान का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया का सहारा लिया जा रहा है। व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी खुद इन शिविरों की निगरानी करेंगे।
डीएम ने की युवाओं से आगे आने की अपील
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के सभी पात्र नागरिकों और विशेषकर पहली बार वोटर बन रहे युवाओं से अपील की है कि वे इन विशेष शिविरों में पहुँचकर मतदाता सूची में अपना नाम ज़रूर जांचें। अगर सूची में नाम दर्ज नहीं है, तो अपनी पात्रता के अनुसार फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए तुरंत आवेदन करें, ताकि लोकतंत्र के इस महापर्व में वे अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।