व्यापारी सुरक्षा बैठक में समस्याओं का अंबार: उत्पीड़न और सुरक्षा पर चंदौली के व्यापारियों का फूटा गुस्सा

चंदौली पुलिस लाइन में व्यापारी सुरक्षा बैठक संपन्न हुई, जिसमें व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने पुलिस उत्पीड़न और खाद्य विभाग की सैंपलिंग के नाम पर ज्यादती पर नाराजगी व्यक्त की। व्यापारियों ने ठंड और कोहरे को देखते हुए रात्रि में सुरक्षा और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की।

 

व्यापारी सुरक्षा बैठक में उठा पुलिस उत्पीड़न और खाद्य विभाग की सैंपलिंग का मुद्दा

एडीशनल एसपी ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने कहा- आश्वासन नहीं

समस्याओं का स्थायी समाधान चाहिए

चंदौली जिले के पुलिस लाइन सभागार में सोमवार, 10 नवंबर 2025 को व्यापारी सुरक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक दिगम्बर कुशवाहा और उप जिलाधिकारी बिजय त्रिवेदी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। जिले के व्यापारियों का नेतृत्व व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने किया। अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष ने अधिकारियों के समक्ष व्यापारियों की सुरक्षा और उत्पीड़न के मुद्दे को मजबूती से उठाया।

लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने कहा कि सुरक्षा और समस्याओं के निस्तारण के लिए बैठकें तो बुलाई जाती हैं, लेकिन व्यापारियों का उत्पीड़न बंद नहीं हो रहा है और न ही उनकी समस्याओं का पूरा समाधान हो रहा है, जिससे व्यापारियों में काफी नाराजगी है। उन्होंने मांग की कि जिले भर के बाजारों से आए व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए।

ठंड में रात्रि सुरक्षा और फूड विभाग पर गंभीर आरोप

जिलाध्यक्ष ने ठंड और घने कोहरे के मौसम को देखते हुए जिले के सभी बड़े-छोटे बाजारों और कस्बों में रात्रि में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ी करने और पुलिस की पेट्रोलिंग को बढ़ाने की तत्काल मांग रखी।

वहीं, जिला वरिष्ठ मंत्री महमूद आलम ने खाद्य विभाग के अधिकारियों पर सैंपलिंग की जांच के नाम पर व्यापारियों को भयभीत करने और उनका उत्पीड़न करने का गंभीर आरोप लगाया, जिस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई। सैदूपुर बाजार की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए प्रदेश संगठन मंत्री अशोक केशरी ने बाजार में बढ़ती दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाने के लिए डिवाइडर के शीघ्र निर्माण की मांग रखी।

चोरी की घटनाओं पर चिंता और पुलिस चौकी की मांग

वरिष्ठ जिला महामंत्री राकेश मोदनवाल ने ठंड के मौसम में चोरों का आतंक बढ़ने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि रात्रि के समय दुकानों में सेंधमारी कर चोर सामान लेकर जा रहे हैं। उन्होंने सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की व्यवस्था बढ़ाने और पेट्रोलिंग तेज करने की आवश्यकता पर बल दिया।

तहसील अध्यक्ष सतीश गुप्ता ने चहनियां बाजार की समस्याओं पर ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि व्यापार मंडल और स्थानीय लोगों ने मिलकर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस चौकी के लिए जमीन उपलब्ध करा दी है, जिस पर तत्काल निर्माण शुरू कराने की मांग की गई। साथ ही, चहनियां बाजार में स्थायी बस स्टैंड न होने के कारण होने वाले विवादों को देखते हुए स्टैंड की मांग भी रखी गई।

अधिकारियों ने दिया त्वरित कार्रवाई का आश्वासन

जिले भर के अन्य पदाधिकारियों ने भी अपनी समस्याओं से अपर पुलिस अधीक्षक और उप जिलाधिकारी को अवगत कराया। दोनों अधिकारियों ने सभी व्यापारियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना तथा सुरक्षा और सहयोग का पूरा भरोसा दिया। उन्होंने तत्काल समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी दिए।