धूमधाम से मना विश्व फार्मासिस्ट दिवस, CMO बोले - फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़
चंदौली में विश्व फार्मासिस्ट दिवस धूमधाम से मना
थीम रही ‘स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्ट को सशक्त बनाना’
CMO डॉ. पारितोष मिश्रा ने किया दीप प्रज्वलन
5 बेहतर कार्य करने वाले फार्मासिस्टों को किया सम्मानित
फार्मासिस्ट यूनियन अध्यक्ष आनंद मिश्रा ने किया संचालन
चंदौली जनपद में विश्व फार्मासिस्ट दिवस उत्साहपूर्ण वातावरण में धूमधाम के साथ मनाया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्ट को सशक्त बनाना’ रखी गई। कार्यक्रम में जिलेभर से आए फार्मासिस्टों ने प्रतिभाग किया और स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी भूमिका को लेकर विचार साझा किए।
CMO ने किया शुभारंभ, दीप प्रज्वलित कर हुई शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पारितोष मिश्रा और अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद कार्यक्रम में फार्मासिस्टों की जिम्मेदारियों और स्वास्थ्य व्यवस्था में उनके योगदान पर चर्चा की गई। सभी ने अपने-अपने अनुभव साझा किए।
फार्मासिस्ट स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी
जिला फार्मासिस्ट यूनियन के अध्यक्ष आनंद मिश्रा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, चिकित्सा व्यवस्था को सुचारू रखने और मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने में फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने फार्मासिस्टों को स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए उनके योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि बिना फार्मासिस्ट के अस्पताल की कल्पना भी नहीं की जा सकती।
CMO बोले - फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पारितोष मिश्रा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में फार्मासिस्टों का बहुत बड़ा योगदान है। चिकित्सकीय व्यवस्था में फार्मासिस्टों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इनके बिना स्वास्थ्य सेवाओं का सुचारू रूप से संचालन संभव नहीं है। मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सकों के साथ फार्मासिस्टों का समन्वय आवश्यक है।
CMS एसपी सिंह ने भी की सराहना
पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एसपी सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में फार्मासिस्टों का महत्वपूर्ण योगदान है। फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं और अस्पताल की व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने में उनकी भूमिका अहम रहती है। उन्होंने कहा कि दवाओं के रखरखाव, वितरण और मरीजों को सही दवा देने में फार्मासिस्ट की भूमिका सबसे बड़ी है।
5 फार्मासिस्टों को किया गया सम्मानित
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने केक काटकर फार्मासिस्टों के साथ विश्व फार्मासिस्ट दिवस की खुशियां साझा कीं। साथ ही जनपद में बेहतर कार्य करने वाले पांच फार्मासिस्टों को सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर फार्मासिस्टों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न चिकित्सालयों से आए फार्मासिस्ट, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। संचालन संगठन के अध्यक्ष आनंद मिश्रा ने किया, सहयोग में बृजेश सिंह, जे के पाल सहित अन्य सहयोगी उपस्थित रहे।