चंदौली में धूमधाम से मनाया गया छठ महापर्व: सांसद साधना सिंह ने घर की छत पर दिया अर्घ्य, पोखरों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

चंदौली में छठ महापर्व पर घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। सांसद साधना सिंह ने घर की छत पर अर्घ्य दिया, जबकि प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए।

 

राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने अर्घ्य देकर पूरी की छठ पूजा

मां काली मंदिर के साथ-साथ सावजी पोखरा पर देखी गयी भीड़

एडीएम राजेश कुमार और अधिकारी करते रहे निरीक्षण

घाटों पर निःशुल्क चिकित्सा कैंप और चाय की भी व्यवस्था

दो दिनों तक पारंपरिक छठ गीतों से गूंजा माहौल
 

 

चंदौली जिले में लोक आस्था के महापर्व छठ की धूम पूरे क्षेत्र में देखने को मिली। पर्व के तीसरे और चौथे दिन जिले के सरोवरों, पोखरों और जलाशयों पर श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ा। नगर पंचायत के मझवार रेलवे स्टेशन के पास स्थित मां काली पोखरा और सावजी पोखरा समेत विभिन्न घाटों पर व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। घाटों पर सजे सूप और दउरा के साथ महिलाओं द्वारा गाए जा रहे पारंपरिक छठी मइया के गीतों से पूरा माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

छठ पूजा करतीं सांसद साधना सिंह

सांसद साधना सिंह ने घर की छत पर किया पूजन
छठ महापर्व के इस पावन अवसर पर राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने नगर पंचायत स्थित अपने आवास की छत पर परिजनों के साथ पूरी निष्ठा से छठी मइया की पूजा-अर्चना की। उन्होंने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर सभी परिवारों की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। इस दौरान सांसद ने कहा कि छठ पर्व हमारी समृद्ध संस्कृति और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का अनुपम प्रतीक है। वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील यादव गुड्डू ने इसे सामाजिक एकता का एक बेहतरीन उदाहरण बताया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया सुरक्षा का जायजा
त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं को परखने के लिए अपर जिलाधिकारी (एडीएम) राजेश कुमार ने खुद सावजी पोखरा और मां काली पोखरा का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहूलियत में कोई कमी नहीं आनी चाहिए। डीएम चंद्र मोहन गर्ग और एसपी आकाश पटेल के निर्देश पर घाटों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। लाउडस्पीकर के जरिए श्रद्धालुओं से गहरे पानी में न जाने की लगातार अपील की जाती रही।

निःशुल्क चिकित्सा कैंप और प्रसाद वितरण
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर पंचायत और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की ओर से घाटों पर निःशुल्क चाय और पेयजल उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा आरडी मेमोरियल हॉस्पिटल के सहयोग से निःशुल्क मेडिकल कैंप भी लगाए गए। पूजा संपन्न होने के बाद व्रतियों और स्थानीय लोगों ने मुख्य प्रसाद ठेकुआ और फलों का आपस में वितरण कर खुशियां बांटीं।