फिर वही लापरवाही और ढिलाई देख एक्शन मोड में आए DM और SP, निर्माणाधीन पुलिस लाइन के ठेकेदार को लताड़ा
चंदौली के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और एसपी आकाश पटेल ने निर्माणाधीन पुलिस लाइन का औचक निरीक्षण किया। काम में धीमी प्रगति पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था को मजदूरों की संख्या बढ़ाकर समय पर काम पूरा करने का अल्टीमेटम दिया।
डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण
निर्माणाधीन पुलिस लाइन का लिया जायजा
काम में ढिलाई पर जताई नाराजगी
मजदूरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश
सामग्री की गुणवत्ता जांच के आदेश
चंदौली जिले में पुलिस प्रशासन को बेहतर संसाधन मुहैया कराने के उद्देश्य से बन रही नई पुलिस लाइन का काम तेज करने के लिए जिला प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने संयुक्त रूप से निर्माणाधीन पुलिस लाइन परिसर और वहां बन रहे आवासीय भवनों के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।
धीमी प्रगति पर डीएम ने जताई सख्त नाराजगी
निरीक्षण के दौरान मौके पर निर्माण कार्य की रफ्तार उम्मीद के मुताबिक नहीं पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने गहरा असंतोष व्यक्त किया और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्य स्थल पर मजदूरों की संख्या तुरंत बढ़ाई जाए और निर्माण कार्य में तेजी लाकर इसे तय समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए।
सामग्री की गुणवत्ता से नहीं होगा कोई समझौता
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने स्पष्ट लहजे में कहा कि निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और संबंधित तकनीकी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से मौके पर जाकर निर्माण सामग्री की सैंपलिंग और टेस्टिंग करें, ताकि काम की मजबूती और गुणवत्ता बनी रहे।
शिकायत मिलने पर तय होगी अफसरों की जवाबदेही
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को चेतावनी देते हुए डीएम ने कहा कि यदि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कोई कमी पाई गई या किसी भी प्रकार की शिकायत मिली, तो संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी तय करते हुए कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता और अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।