चंदौली में बाढ़ से निपटने की महातैयारी: कलेक्ट्रेट में हुई टेबल-टॉप एक्सरसाइज, 11 जून को पूरे जिले में होगी बड़ी मॉक ड्रिल
चंदौली में बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्ट्रेट में आयोजित टेबल-टॉप एक्सरसाइज के बाद, अब 11 जून को जिले की सभी पांचों तहसीलों में अलग-अलग गंभीर हालातों से निपटने के लिए राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। पूरी खबर पढ़ें।
कलेक्ट्रेट सभागार में टेबल-टॉप एक्सरसाइज संपन्न
11 जून को सुबह से शाम तक चलेगी मॉक ड्रिल
सकलडीहा के पसहटा गांव में बनेगी बाढ़ चौकी
लतीफशाह बीयर में अचानक आई बाढ़ का होगा अभ्यास
सभी विभागों और आपदा मित्रों का रहेगा आपसी समन्वय
चंदौली जिले को बाढ़ जैसी गंभीर आपदा से सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण लखनऊ, एनडीआरएफ (NDRF), मौसम विभाग, सिंचाई विभाग और एफएमआईएससी (FMISC) के तत्वावधान में राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज-2026 के तहत एक महत्वपूर्ण टेबल-टॉप एक्सरसाइज संपन्न हुई। अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पुलिस, होमगार्ड, स्वास्थ्य, पीएसी, अग्निशमन और नागरिक सुरक्षा समेत जिले के तमाम बड़े विभागों ने हिस्सा लिया और रणनीति तैयार की।
11 जून को सुबह से शुरू होगा जमीन पर अभ्यास
इस तैयारी के अगले चरण में, 11 जून 2026 को सुबह 8:00 बजे से शाम 4:30 बजे तक पूरे चंदौली जनपद में एक बड़ी मॉक ड्रिल (मॉक एक्सरसाइज) आयोजित की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य आपदा के समय सभी सरकारी विभागों, आपदा मित्रों और विभिन्न संस्थाओं के बीच बेहतरीन तालमेल बिठाना है। इस दौरान संकट के समय रिस्पांस सिस्टम की कमियों को पहचाना जाएगा और उन्हें तुरंत सुधारने का अभ्यास किया जाएगा, ताकि असली बाढ़ के समय किसी भी जान-माल के नुकसान को रोका जा सके।
हर तहसील के लिए बना है अलग और खास प्लान
प्रशासन ने जिले की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए सभी तहसीलों के लिए अलग-अलग संकट के दृश्यों (सिनैरियो) पर अभ्यास करने की योजना बनाई है:--
सकलडीहा तहसील: यहां के ग्राम पसहटा में गंगा नदी के बाढ़ का पानी भरने की स्थिति का अभ्यास होगा। इस दौरान खोज-बचाव कार्य, राहत शिविर, बाढ़ चौकी, पशु शिविर और अस्थाई फील्ड हॉस्पिटल बनाने का लाइव ट्रायल किया जाएगा।
चकिया तहसील: प्रसिद्ध लतीफ शाह वीयर में अचानक आने वाली बाढ़ (फ्लैश फ्लड) में पर्यटकों के फंसने या बह जाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाएगा। साथ ही अफवाहों को रोकने के लिए मीडिया ब्रीफिंग का भी अभ्यास होगा।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (पीडीडीयू नगर): बाढ़ के पानी से घिरे लोगों को सुरक्षित निकालते समय नाव दुर्घटनाग्रस्त होने की स्थिति में राहत और प्राथमिक उपचार का अभ्यास किया जाएगा।
सदर तहसील: बाढ़ के पानी के कारण चंदौली-बबुरी मार्ग के कट जाने पर यातायात को सुचारू करने, रूट डायवर्जन और सड़क मरम्मत का काम परखा जाएगा।
नौगढ़ तहसील: बांध में पानी का दबाव बढ़ने से होने वाले रिसाव को रोकने और आसपास की आबादी को अलर्ट कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कसरत की जाएगी।
आपदा मित्रों और होमगार्ड्स का मिलेगा साथ
इस पूरी महा-ड्रिल की सफलता के लिए प्रशासन ने जिले के सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखा है। अभ्यास कार्यक्रम में सरकारी विभागों के साथ-साथ होमगार्ड्स, पीआरडी जवान, एनसीसी, एनएसएस और स्थानीय आपदा मित्रों की टोलियों को भी शामिल किया जा रहा है, ताकि चंदौली हर संकट से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहे।