महाबोधि शिक्षण संस्थान में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
रंगारंग कार्यक्रमों में दिखी बच्चों की प्रतिभा
मेधावी छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित
देशभक्ति गीतों और नारों से गूंज उठा पूरा इलाका
चंदौली जिले में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शुक्रवार को महाबोधि शिक्षण संस्थान मद्दूपुर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय ध्वज फहराकर एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। विद्यालय परिसर तिरंगे रंग की सजावट, देशभक्ति गीतों और नारों से गूंज उठा।
बताते चलें कि इस अवसर पर बच्चों ने देशभक्ति गीत, कविताएं, नृत्य और नाट्य मंचन प्रस्तुत कर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और देशप्रेम की भावना को जीवंत कर दिया। ‘वंदे मातरम’, ‘ऐ वतन तेरे लिए’ और ‘झांसी की रानी’ जैसे कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। अभिभावकों और अतिथियों ने जोरदार तालियों से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय के प्रबंधक संजय कुमार मौर्य ने कहा कि 15 अगस्त हमारे देश के लिए गौरव का दिन है, जब हमें 200 वर्षों की गुलामी से मुक्ति मिली। यह दिन हमें हमारे वीर शहीदों के बलिदान, त्याग और देश के प्रति समर्पण की याद दिलाता है। उन्होंने बच्चों को मेहनत और लगन से पढ़ाई करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि शिक्षा ही देश को नई ऊँचाइयों पर ले जाने का मार्ग है।
इस अवसर पर वर्ष 2025 की यूपी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, हाईस्कूल में अनीश यादव ने प्रथम स्थान, आंचल शर्मा ने द्वितीय स्थान और प्रज्ञा मौर्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इंटरमीडिएट में राधा कुमारी शर्मा प्रथम स्थान, प्रतिभा केशरी द्वितीय स्थान और अनीता मौर्या तृतीय स्थान पर रहीं। इन सभी को शील्ड, डायरी और पेन देकर सम्मानित किया गया।
मंच संचालन का कार्य रचना मौर्या ने कुशलता से किया। कार्यक्रम में अध्यापक अखिलेश मौर्य, गौरव मौर्य, संजय, अजीत कुमार तथा अध्यापिकाएं सुनीता मौर्या, कंचन सिंह, प्रतिभा, प्रीति सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं। समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।