स्वतंत्रता दिवस को भव्य बनाने का ऐसा है पूरा प्लान, CDO-ADM ने मीटिंग में अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य और गरिमापूर्ण तरीके से मनाने के लिए चंदौली कलेक्ट्रेट में सीडीओ और एडीएम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सुबह प्रभात फेरी से लेकर शहीदों के सम्मान, पौधरोपण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
स्वतंत्रता दिवस तैयारियों को लेकर बैठक
सुबह 8 बजे होगा झंडारोहण
शहीदों और सेनानियों का होगा सम्मान
मरीजों में बांटे जाएंगे ताजे फल
मुगलसराय में जमेगी कवि सम्मेलन महफिल
स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को जिले में भव्य, गरिमामय और उत्साहजनक माहौल में मनाने के लिए सोमवार, 10 अगस्त 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आर जगत साई और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिले भर में आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों की समयबद्ध तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए।
प्रभात फेरी और क्रॉस कंट्री दौड़ से होगी दिन की शुरुआत
बैठक में तय की गई रूपरेखा के अनुसार, 15 अगस्त की सुबह सबसे पहले 7:00 बजे स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके ठीक बाद सुबह 7:30 बजे क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन होगा। वहीं, सुबह 8:00 बजे कलेक्ट्रेट, जिले के सभी सरकारी व गैर-सरकारी भवनों और शिक्षण संस्थानों पर एक साथ ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान गाया जाएगा।
शहीदों को श्रद्धांजलि और सेनानियों का किया जाएगा सम्मान
ध्वजारोहण के बाद प्रातः 8:15 बजे चंदौली नगर पंचायत परिसर स्थित शहीद स्मारक पर जिलाधिकारी, नगर पंचायत अध्यक्ष और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद सुबह 9:00 बजे नगर पंचायत सैयदराजा और सकलडीहा (बरठी) स्थित शहीद स्मारकों पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा। सुबह 9:30 बजे धानापुर शहीद स्मारक पर ध्वजारोहण व सलामी दी जाएगी।
अस्पतालों में फल वितरण और घरों पर जाकर पूर्व सैनिकों का सम्मान
सामाजिक सरोकार के तहत सुबह 9:30 बजे जिला चिकित्सालय और सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भर्ती मरीजों में फल बांटे जाएंगे। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि सैनिक कल्याण विभाग के अधिकारी खुद पूर्व सैनिकों और शहीद सैनिकों के घर जाकर उन्हें सम्मानित करेंगे और उनका कुशलक्षेम जानेंगे। इसके अलावा पूरे जिले में स्वच्छता अभियान और पौधरोपण का कार्यक्रम भी बड़े पैमाने पर चलाया जाएगा।
मुगलसराय में जमेगी कवि सम्मेलन की महफिल
दिनभर के कार्यक्रमों के बाद शाम 7:00 बजे नगर पालिका परिषद मुगलसराय में भव्य कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। सीडीओ और एडीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, सभी उप जिलाधिकारियों (SDM) और अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा के साथ संपन्न कराएं और सभी सरकारी इमारतों पर रोशनी व स्वच्छता सुनिश्चित करें।