जेल की हालत देखने पहुंचे जज साहब, बंदियों की समस्याएं भी सुनीं

निरीक्षण के दौरान सचिव श्री वर्मा ने पुरुष एवं महिला बैरकों का जायजा लिया और बंदियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कई मुद्दों का मौके पर ही त्वरित समाधान कराया।
 

प्रभारी जिला न्यायाधीश के निर्देश पर हुआ जेल का निरीक्षण

बंदियों की समस्याएं सुनकर त्वरित समाधान किया गया

महिला एवं पुरुष बैरकों का किया निरीक्षण

माननीय प्रभारी जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंदौली के निर्देशानुसार बुधवार को अपर जनपद न्यायाधीश एवं पूर्णकालिक सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री विकास वर्मा ने जिला कारागार वाराणसी का निरीक्षण किया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक सौरभ श्रीवास्तव, जेलर सुरेश बहादुर सिंह, डिप्टी जेलर सहित जेल प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

आपको बता दें कि निरीक्षण के दौरान सचिव श्री वर्मा ने पुरुष एवं महिला बैरकों का जायजा लिया और बंदियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कई मुद्दों का मौके पर ही त्वरित समाधान कराया। जेल अस्पताल का भी निरीक्षण किया गया, जहां बंदियों के इलाज और दवाओं की उपलब्धता की स्थिति देखी गई। चिकित्सकों को निर्देश दिया गया कि सभी बंदी मरीजों को समय पर उचित दवा उपलब्ध कराई जाए।

सचिव महोदय ने पाकशाला का भी निरीक्षण किया और भोजन की गुणवत्ता तथा स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। महिला बंदियों से मिलकर उनकी समस्याएं जानीं तथा उनके साथ रह रहे बच्चों की शिक्षा की स्थिति की भी जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर बंदियों को फ्री लीगल एडवाइजरी (मुफ्त कानूनी सहायता) के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। सचिव श्री वर्मा ने जेलर को निर्देश दिया कि ऐसे सभी बंदियों की सूची जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को उपलब्ध कराई जाए, जो कानूनी सहायता लेना चाहते हैं, ताकि उन्हें समय पर मदद पहुंचाई जा सके।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का यह निरीक्षण बंदियों को न केवल राहत देने वाला रहा बल्कि उन्हें यह भरोसा भी दिलाया कि न्याय और सहायता हर स्तर पर उपलब्ध कराई जाएगी।