हरिओम सेवा आईटीआई कॉलेज में जॉब मेले का आयोजन, 90 छात्रों का हुआ चयन
भारत सोलर प्लैनेट के तत्वावधान में आयोजन
प्रबंधक संतोष कुमार तिवारी ने दी तैयारी
छात्र-छात्राओं में दिखा उत्साह
चंदौली जिले में बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से हरिओम सेवा आईटीआई कॉलेज में मंगलवार को एक दिवसीय जॉब मेले का आयोजन किया गया। इस जॉब मेले का आयोजन भारत सोलर प्लैनेट के तत्वावधान में किया गया, जिसमें कुल 150 बेरोजगार युवकों ने प्रतिभाग किया। साक्षात्कार प्रक्रिया के माध्यम से कुल 90 प्रतिभागियों का चयन किया गया।
भारत सोलर प्लैनेट के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने छात्रों का साक्षात्कार लिया और उनकी योग्यता व कौशल के आधार पर चयन किया। संस्थान के प्रबंधक संतोष कुमार तिवारी ने चयनित छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे जहां भी कार्य करें, पूरी ईमानदारी और मेहनत से कार्य करें। अनुभव के साथ-साथ उन्हें और बेहतर रोजगार के अवसर एवं आकर्षक वेतनमान प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम में भारत सोलर प्लैनेट के निदेशक अभिषेक सिंह ने "पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना" के अंतर्गत चंदौली जनपद में स्थापित किए जा रहे दो किलोवाट एवं तीन किलोवाट के सोलर रूफ टॉप सिस्टम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चयनित युवाओं को प्रति माह आकर्षक वेतन, यात्रा भत्ता और बोनस भी प्रदान किया जाएगा, जिससे वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य सत्येन्द्र कुमार मिश्रा, मुंशी राम एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। जॉब मेले के सफल आयोजन से छात्र-छात्राओं में उत्साह देखने को मिला और उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की अपेक्षा जताई।