सुशील सिंह की पहल से कंदवा-ककरैत सड़क का 6.10 करोड़ से होगा कायाकल्प, 10 साल बाद जर्जर सड़क के बहुरेंगे दिन

 

कंदवा-ककरैत मार्ग के दिन बदलने वाले हैं। शासन ने 6.10 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को मंजूरी दे दी है। 24 सितंबर तक टेंडर प्रक्रिया पूरी कर सड़क को साढ़े पांच मीटर चौड़ा किया जाएगा, जिससे 20 गांवों को सीधी राहत मिलेगी।

 
 

6.10 करोड़ से होगा कंदवा-ककरैत मार्ग चौड़ा

10 साल पुरानी बदहाली से मिलेगी राहत

24 सितंबर तक पूरी होगी टेंडर प्रक्रिया

साढ़े पांच मीटर तक बढ़ाई जाएगी चौड़ाई

इलाके के करीब 20 गांवों को फायदा

चंदौली जिले के कंदवा क्षेत्र के लोगों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है। करीब 10 वर्षों से बदहाली का दंश झेल रहे कंदवा-ककरैत मार्ग के दिन अब जल्द ही बहुरने वाले हैं। लगभग छह किलोमीटर लंबी इस सड़क के पुनर्निमार्ण और चौड़ीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग  के प्रांतीय खंड की 6.10 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को शासन ने अपनी हरी झंडी दे दी है।

24 सितंबर तक पूरी होगी टेंडर की प्रक्रिया
शासन से वित्तीय और प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद अब विभाग निर्माण कार्य की तैयारी में जुट गया है। 24 सितंबर तक टेंडर की पूरी प्रक्रिया समाप्त कर ली जाएगी, जिसके तुरंत बाद धरातल पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इस सड़क के बनने से क्षेत्र के हजारों लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी और उनका आवागमन बेहद आसान हो जाएगा।

10 साल से जर्जर है 6 किलोमीटर का यह हिस्सा
ककरैत से कंदवा होते हुए पिपरदहा तक की कुल दूरी करीब 13 किलोमीटर है। इसमें से कंदवा से ककरैत का लगभग छह किलोमीटर का हिस्सा लंबे समय से बेहद खराब स्थिति में था। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं और पहले बिछाई गई गिट्टियां उखड़कर गायब हो चुकी हैं, जिससे कई जगहों पर यह सड़क पूरी तरह से कच्चे रास्ते में तब्दील नजर आती है।

गड्ढों, झाड़ियों और जहरीले जंतुओं का बना रहता था खतरा
सड़क की स्थिति खराब होने के कारण मार्ग के दोनों किनारों पर घनी झाड़ियां उग आई हैं। बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से हालात और ज्यादा गंभीर हो जाते हैं। इससे राहगीरों के साथ-साथ स्कूल जाने वाले बच्चों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। झाड़ियों की वजह से बारिश में जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने का डर बना रहता है, जिससे किसान, महिलाएं और बुजुर्ग लगातार भय के साए में सफर करने को मजबूर थे।

3 से बढ़कर साढ़े 5 मीटर हो जाएगी सड़क की चौड़ाई
वर्तमान समय में कंदवा-ककरैत मार्ग की चौड़ाई महज तीन मीटर है। चौड़ाई कम होने के कारण जब दो बड़े वाहन आमने-सामने से गुजरते हैं, तो उन्हें निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। नई कार्ययोजना के तहत सड़क की चौड़ाई को बढ़ाकर साढ़े पांच मीटर किया जाएगा। चौड़ाई बढ़ने से वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और सड़क हादसों में कमी आएगी।

करीब 20 गांवों की आबादी को मिलेगा सीधा फायदा
सड़क का सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण होने से क्षेत्र के करीब 20 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। इनमें कंदवा, कमहरिया, कोरमी, तेलहरा, बहेरा, बकोड़ी, सिसीरा, कई, असना, धमिना, गौवाचावर, दरौली, अमड़ा, ककरैत और ओवरचक जैसे प्रमुख गांव शामिल हैं। सड़क की स्थिति बेहतर होने से इन ग्रामीणों को मुख्य मार्गों तक पहुंचने में काफी सहूलियत मिलेगी।

विधायक सुशील सिंह की पहल पर शासन ने दी मंजूरी
ग्रामीण लंबे समय से इस जर्जर सड़क को दुरुस्त करने की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों की इस जायज समस्या को देखते हुए सैयदराजा के भाजपा विधायक सुशील सिंह की पहल पर पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड ने इस मार्ग के लिए कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी थी।

पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड (चंदौली) के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि कंदवा-ककरैत मार्ग की मरम्मत और चौड़ीकरण के लिए 6.10 करोड़ रुपये की मंजूरी मिल चुकी है। 24 सितंबर तक टेंडर प्रक्रिया संपन्न कराकर सड़क का निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू करा दिया जाएगा।