कंदवा में ओवरलोड डंपरों पर प्रशासन का हंटर, 3 गाड़ियों को सीजकर ठोंका 3.5 लाख का भारी जुर्माना

 

चंदौली के कंदवा थाना क्षेत्र में पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने ओवरलोड डंपरों के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक की है। सीओ सदर के नेतृत्व में 3 डंपर पकड़े गए, जिन पर 3.5 लाख रुपये का जुर्माना लगाते हुए लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

 
 

सीओ सदर के नेतृत्व में चला बड़ा अभियान

मानक से 20 टन अधिक भार वाले वाहन पकड़े

3 डंपरों पर 3.5 लाख रुपये का तगड़ा जुर्माना

लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन निरस्त करने की तैयारी

बिहार बॉर्डर से आने वाले वाहनों पर पैनी नजर

चंदौली जनपद के कंदवा थाना क्षेत्र में सड़कों को नुकसान पहुँचाने और दुर्घटनाओं को दावत देने वाले ओवरलोड डंपरों के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की है। क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर तीन ओवरलोड डंपरों को धर दबोचा। इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के वाहन संचालकों और माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

बिहार की ओर से आ रहे थे भारी वाहन
प्रशासन को पिछले काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं कि बिहार सीमा की ओर से कंदवा के रास्तों का उपयोग कर क्षमता से अधिक भार वाले वाहन धड़ल्ले से गुजर रहे हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने कंदवा पुलिस के साथ टीम गठित की और बॉर्डर क्षेत्र में घेराबंदी की। जांच के दौरान पकड़े गए तीनों डंपर मानक क्षमता से 15 से 20 टन तक अधिक भार लेकर चल रहे थे।

3.5 लाख का जुर्माना और लाइसेंस रद्द करने की तैयारी
पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिवहन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों पर कुल 3.5 लाख रुपये का जुर्माना ठोक दिया। अधिकारियों ने बताया कि यह केवल शुरुआत है; नियमों के गंभीर उल्लंघन को देखते हुए संबंधित डंपरों का परमिट, लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इसके अलावा, खनन और जीएसटी विभाग भी इन वाहनों के कागजों की जांच कर अतिरिक्त जुर्माना लगाने की तैयारी में है।

सड़कों की सुरक्षा और दुर्घटनाओं पर रोक
इस कार्रवाई के संबंध में सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि ओवरलोड वाहनों के कारण न केवल नई बनी सड़कें समय से पहले टूट रही हैं, बल्कि ये वाहन अक्सर गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि भविष्य में भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। किसी भी सूरत में अवैध ओवरलोडिंग और नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन के इस कड़े रुख से क्षेत्र में अवैध परिवहन पर लगाम लगने की प्रबल उम्मीद है।