कांवड़ यात्रा को लेकर चंदौली में ट्रैफिक डायवर्जन लागू: 8 से 11 अगस्त तक बदले रहेंगे ये रास्ते, देखें पूरी लिस्ट

 

सावन माह और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर चंदौली पुलिस ने 8 से 11 अगस्त तक भारी ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। वाराणसी, पड़ाव और मुगलसराय जाने वाले रास्तों पर वाहनों का मार्ग बदला गया है।

 
 

कांवड़ यात्रा हेतु ट्रैफिक डायवर्जन प्लान

8 से 11 अगस्त तक बदला रहेगा मार्ग

NH-19 और अखरी बाईपास से निकलेंगे वाहन

नवही नहर पुलिया निर्माण हेतु नया रूट

चंदौली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

श्रावण माह और कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए चंदौली पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए कड़ा रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया है। यह डायवर्जन प्लान शनिवार, 08 अगस्त 2026 की रात 8:00 बजे से लागू होकर मंगलवार, 11 अगस्त 2026 की सुबह 6:00 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान वाराणसी और मुगलसराय की तरफ जाने वाले भारी व मालवाहक वाहनों के रास्तों में बदलाव किया गया है।

NH-19 और अखरी बाईपास की तरफ डायवर्ट होंगे वाहन

आलमपुर अंडरपास, चकिया तिराहा और गोधना चौराहा से वाराणसी जाने वाले सभी भारी वाहनों को नेशनल हाईवे (NH-19) की ओर मोड़ दिया जाएगा। ये वाहन अखरी बाईपास होते हुए अपने गंतव्य वाराणसी की तरफ जाएंगे। वहीं, पड़ाव से वाराणसी जाने वाले भारी वाहनों को रामनगर की तरफ मोड़कर NH-19 के रास्ते भेजा जाएगा। गाजीपुर, जौनपुर और आजमगढ़ जाने वाले छोटे-बड़े वाहनों को पंचफेड़वा रिंग रोड से निकाला जाएगा।

पड़ाव और रामनगर क्षेत्र में नो-एंट्री और डायवर्जन

कटरिया तिराहे से रामनगर पड़ाव की तरफ ट्रकों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। लंका मैदान तिराहा (रामनगर) पर भी भारी वाहनों को रोका जाएगा। इसके अलावा, कोयला मंडी से पड़ाव की ओर भारी वाहन नहीं जा सकेंगे। रामनगर की तरफ से पड़ाव आकर मुगलसराय जाने वाले वाहनों को साहूपुरी से एफसीआई तिराहे की ओर मोड़ा जाएगा, जबकि पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) से आने वाले वाहनों को एफसीआई गोदाम से साहूपुरी रोड पर भेजा जाएगा।

नवही नहर पर निर्माणाधीन पुलिया के लिए विशेष मार्ग

सावन माह के दौरान नवही नहर पर बन रही पुलिया के कारण श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के लिए अलग मार्ग तय किया गया है। धरौली और चकिया की तरफ से आने वाले दोपहिया व हल्के वाहन नवही चौराहा से 200 मीटर उत्तर छोटी पुलिया से होकर चंदौली कस्बे के रास्ते NH-19 पर निकलेंगे। वहीं, चार पहिया व भारी वाहन नवही चौराहा से भगवानपुर तालाब होते हुए NH-19 पर जाएंगे।