कर्बला की जमीन को लेकर बवाल, पीड़ित का आरोप- दरोगा ने मारा थप्पड़, SP ने बैठाई जांच

चंदौली के माटीगांव में कर्बला की जमीन के विवाद ने तूल पकड़ लिया है। पीड़ित का आरोप है कि मौके पर पहुंचे दरोगा ने उसे सरेआम थप्पड़ जड़ दिया। मामले की शिकायत पर एसपी ने जांच के आदेश दिए हैं।
 

माटीगांव में कर्बला जमीन पर विवाद

हल्का दरोगा पर मारपीट का आरोप

घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने का दावा

एसपी ने दिए जांच के आदेश

चंदौली जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत माटीगांव में कर्बला की जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच पुराना विवाद अब गहरा गया है। इस मामले में ताजियादार मोहम्मद अरशद ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का कहना है कि गांव में लगभग दो बिस्वा जमीन पर सैकड़ों सालों से कर्बला मौजूद है। यहाँ हर साल मोहर्रम के मौके पर मिट्टी दफन करने की पुरानी परंपरा है। आरोप है कि उनकी ही बिरादरी के कुछ लोग इस जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसका विरोध करने पर विवाद खड़ा हो गया।

दरोगा पर लगा सरेआम थप्पड़ मारने का आरोप
पीड़ित मोहम्मद अरशद ने आरोप लगाया कि जमीन विवाद की सूचना मिलने पर हल्का दरोगा कमलेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ित का कहना है कि दरोगा ने उनकी पूरी बात सुने बिना ही उन्हें अपने पास बुलाया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें थप्पड़ जड़ दिए। इसके बाद पुलिस उन्हें पकड़कर कोतवाली ले आई और कई घंटों तक बैठाए रखने के बाद शाम को छोड़ा। पीड़ित अरशद का दावा है कि उनके साथ हुई इस मारपीट की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में भी कैद हुई है।

चंदौली के माटीगांव में कर्बला जमीन पर विवाद
हल्का दरोगा पर मारपीट का आरोप
घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने का दावा@shochan @chandaulipolice @Uppolice @IgRangeVaranasi pic.twitter.com/jZxYwiKVs6

— Chandauli Samachar (@chandaulinews) June 19, 2026


एसपी ने दिए जांच के निर्देश
इस घटना से नाराज पीड़ित मोहम्मद अरशद ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (AIMIM) के जिला अध्यक्ष के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल को शिकायती पत्र सौंपा। एआईएमआईएम के जिला अध्यक्ष ने इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषी दरोगा को तुरंत निलंबित करने की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी आकाश पटेल ने तुरंत क्षेत्राधिकारी (CO) को पूरे मामले की जांच सौंपकर रिपोर्ट मांगी है।

कोतवाल ने दी मामले की सफाई
इस पूरे मामले पर सदर कोतवाल बिंदेश्वरी पाण्डेय ने बताया कि कर्बला के पास निर्माण कार्य को लेकर दो पड़ोसियों के बीच झगड़ा हुआ था। इसमें एक पक्ष पिलर गाड़ रहा था तो दूसरा पक्ष बांस की घेराबंदी कर रहा था। विवाद की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर गई थी। आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए मौके पर फिलहाल यथास्थिति (Status Quo) कायम करा दी गई है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।