दबंगों के तांडव का वीडियो हो रहा वायरल, गरीब परिवार ने SP से लगाई न्याय की गुहार

महाराजपुर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल है। पीड़ित परिवार ने बताया कि जमीन विवाद सालों से चला आ रहा था, लेकिन रविवार को दबंगों ने अचानक हमला कर दिया।
 

चंदौली में जमीन विवाद में दबंगों ने किया जमकर उत्पात

बुद्धिराम के गरीब परिवार पर बर्बर हमला

घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ और मारपीट 

चंदौली जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र अंतर्गत महाराजपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दबंगों ने बुद्धिराम के गरीब परिवार पर बर्बर हमला कर दिया। आरोप है कि दबंगों ने परिवार के घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की, मारपीट की और लूटपाट की। इस हमले में फुला पत्नी बलिराम, लीलावती पत्नी पिंटू, कलावती पत्नी सत्यनारायण, कुमकुम पुत्री सत्यनारायण, रूबी पुत्री पिंटू, नेहा पुत्री सतनारायण समेत दर्जनों महिलाएं, पुरुष और बच्चे घायल हो गए।

वीडियो वायरल, दबंगई की नुमाइश
हमले की पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दबंगों की दहशत और हिंसा स्पष्ट दिखाई दे रही है। वीडियो में दबंगों की हिंसक हरकतें और पीड़ितों की कराहती आवाजें सुनाई दे रही हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि इस हिंसा के दौरान घर में रखे जेवरात, 45,000 रुपये नकद और अन्य कीमती सामान भी लूट लिए गए।

देखें विडियो - https://youtube.com/shorts/C2x07KO5f2Q

पीड़ित परिवार ने एसपी से की मदद की अपील
घायल और टूटे-फूटे हालत में पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। उनका आरोप है कि स्थानीय पुलिस आरोपियों को संरक्षण दे रही है और नाम मात्र की कार्रवाई कर रही है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कुछ देर बाद छोड़ दिया गया, जिससे आरोपियों का हौसला बढ़ गया।

इलाके में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद महाराजपुर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल है। पीड़ित परिवार ने बताया कि जमीन विवाद सालों से चला आ रहा था, लेकिन रविवार को दबंगों ने अचानक हमला कर दिया। महिलाओं और बच्चों को भी बख्शा नहीं गया। कई परिवार के सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एक बच्ची की हालत नाजुक होने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने दर्ज की FIR, पर पीड़ितों को भरोसा नहीं
पुलिस ने मामले में 20 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है, लेकिन पीड़ित परिवार का कहना है कि यह केवल दिखावा है। उन्होंने दोषियों की त्वरित गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, परिवार की सुरक्षा भी सुनिश्चित करने की अपील की गई है।

पुलिस की भूमिका पर सवाल, स्थानीय लोगों में आक्रोश
पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि स्थानीय पुलिस दबंगों के पक्ष में काम कर रही है, जिससे आम लोगों में गहरा आक्रोश है। प्रशासन की निष्पक्षता पर संदेह जताते हुए लोग न्याय की मांग कर रहे हैं।

अब प्रशासन की भूमिका पर नजर
महाराजपुर की इस घटना ने प्रशासन की संवेदनशीलता को परखने वाला है। अब देखना होगा कि क्या प्रशासन पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों को कड़ी सजा देने के लिए प्रभावी कदम उठाता है या नहीं। दबंगों की इस हरकत से क्षेत्र में शांति बहाल करना भी प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगी।

चंदौली के महाराजपुर गांव में जमीन विवाद के चलते हुई इस हिंसा ने स्थानीय लोगों की नींद उड़ा दी है। दबंगों की हरकतों का वीडियो वायरल होने से मामला और भी गंभीर हो गया है। पीड़ित परिवार न्याय और सुरक्षा की गुहार लगा रहा है। अब प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह निष्पक्ष जांच कर सभी दोषियों पर सख्त कार्रवाई करे और प्रभावित परिवार को सुरक्षा प्रदान करे ताकि क्षेत्र में पुनः शांति कायम हो सके।