महेन्द्र टेक्निकल इंटर कालेज में आयोजित वृहद विधिक शिविर में सत्र न्यायाधीश ने किया शुभारंभ
सत्र न्यायाधीश रामबाबू यादव द्वारा शिविर का उद्घाटन
234 लाभार्थियों को योजनाओं के लाभ व सामग्री का वितरण
स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
नालसा योजनाओं और एन.आई. एक्ट की जानकारी
चंदौली जनपद में न्याय और जन कल्याण को आमजन तक पहुँचाने के लिए 1 नवंबर 2026 को महेन्द्र टेक्निकल इंटर कालेज के प्रांगण में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ प्रभारी जनपद एवं सत्र न्यायाधीश श्री रामबाबू यादव ने दीप प्रज्जवलित करके किया। कार्यक्रम में न्यायपालिका, प्रशासन और बार एसोसिएशन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा चिन्हित लगभग 234 लाभार्थियों को योजनाओं के लाभ दिए गए। अतिथियों द्वारा लाभार्थियों को आवास की चाभी, चेक, आयुष्मान कार्ड, पोषण पोटली, ट्राई साईकिल, कान की मशीन और जॉब कार्ड बांटे गए। साथ ही केंद्र व राज्य सरकार तथा नालसा की योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस दौरान स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मध्यस्थ अधिवक्ता अशोक कुमार पाण्डेय ने 138 एन.आई. एक्ट पर, अमरनाथ यादव ने लीगल एड डिफेंस काउन्सिल सिस्टम पर और पैनल अधिवक्ता महेन्द्र प्रताप सिंह ने नालसा की योजनाओं पर जानकारी दी। कार्यक्रम की सूचना जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव श्रीमती निकिता गौड़ द्वारा दी गई।