प्रभारी मंत्री संजीव गोंड ने की कलेक्ट्रेट समीक्षा, रटे-रटाए निर्देश देकर चले गए मंत्रीजी
चंदौली के प्रभारी मंत्री संजीव गोंड की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। मंत्री ने आवास योजना, सड़कों की मरम्मत और पेंशन योजनाओं की प्रगति जांचकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री संजीव गोंड ने ली बैठक
वंचित पात्रों को आवास देने का निर्देश
'हर घर नल' की टूटी सड़कें बनेंगी
निर्माण कार्यों की होगी मानक जांच
अंतिम व्यक्ति तक पहुँचेगा योजनाओं का लाभ
चंदौली जिले के प्रभारी मंत्री और समाज कल्याण तथा अनुसूचित जाति व जनजाति कल्याण विभाग के राज्य मंत्री श्री संजीव गोंड की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और जिले में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
प्रभारी मंत्री संजीव गोंड ने ली बैठक
— Chandauli Samachar (@chandaulinews) August 21, 2026
वंचित पात्रों को आवास देने का निर्देश
'हर घर नल' की टूटी सड़कें बनेंगी@dmchandauli @cdochandauliup @CMOfficeUP pic.twitter.com/ooFmBcq6Lf
पात्रों के चयन और सड़कों की मरम्मत पर कड़ा रुख
बैठक के दौरान मंत्री संजीव गोंड ने प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में अब तक जो भी पात्र परिवार आवास योजना के लाभ से वंचित रह गए हैं, उनका तुरंत चिन्हांकन कर उन्हें योजना से जोड़ा जाए। इसके साथ ही 'जल जीवन मिशन' के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों को तुरंत दुरुस्त करने का कड़ा निर्देश दिया ताकि जनता को आने-जाने में कोई दिक्कत न हो।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता
लोक निर्माण विभाग (PWD) की सड़कों और पुलों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि सभी प्रोजेक्ट्स समयसीमा के भीतर पूरे किए जाने चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की मानक जांच कराई जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त न की जाए। वृद्धावस्था पेंशन और पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने कहा कि हर पात्र व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुँचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
प्रशासनिक तालमेल से धरातल पर दिख रहा काम
मंत्री जी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के प्रयास और जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल तथा मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं के कुशल नेतृत्व के कारण जिले में सरकारी योजनाएं सही मायने में धरातल पर उतर रही हैं। इससे जिले में कानून व्यवस्था भी बेहतर ढंग से लागू हो रही है।
निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन कराने का आश्वासन
बैठक के अंत में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने प्रभारी मंत्री को भरोसा दिलाया कि उनके द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का कड़ाई से शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा। इस समीक्षा बैठक में एसपी आकाश पटेल, सीडीओ आर. जगत साईं सहित जिले के सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।