शौच के लिए निकली 16 साल की किशोरी की नाले में मिली लाश, जांच में जुटी कंदवा पुलिस
चंदौली के कंदवा थाना क्षेत्र स्थित अरंगी गांव में शुक्रवार से लापता 16 वर्षीय किशोरी मंधा कुमारी का शव शनिवार को नाले से बरामद हुआ। घटना के बाद से परिजनों में चीख-पुकार मची है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अरंगी गांव के नाले में मिला किशोरी का शव
शुक्रवार को शौच के लिए घर से निकली थी मंधा
परिजनों की तलाश के बाद शनिवार को बरामद हुआ शव
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
कंदवा थाना पुलिस कर रही मामले की गहन जांच
चंदौली जिले के कंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत अरंगी गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के पास स्थित एक नाले में 16 वर्षीय किशोरी का शव तैरता हुआ मिला। नाले में शव की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतका की पहचान अरंगी गांव के निवासी संजीवन गौतम की 16 वर्षीय पुत्री मंधा कुमारी के रूप में हुई है।
शुक्रवार से लापता थी किशोरी
परिवार वालों के मुताबिक, मंधा कुमारी शुक्रवार को घर से शौच के लिए निकली थी। जब वह काफी देर तक वापस घर नहीं लौटी, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन करने के बाद भी शुक्रवार को उसका कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद शनिवार को उसका शव नाले में मिलने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही कंदवा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल मौत के सही कारणों का पता नहीं चल सका है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
किशोरी की अचानक हुई इस संदिग्ध मौत ने गांव में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। कंदवा थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो पाएगी। पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि किशोरी कल से ही शौच के लिए निकली थी। वह कल से ही लापता थी, लेकिन परिजनों ने गुम होने की कोई सूचना थाने पर नहीं दिया था। आज नाले उसका शव दिखाई दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। किशोरी नाले तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।