चंदौली में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम

अभियान के दौरान जिले के स्कूल, कॉलेज, बाजार, ग्रामीण क्षेत्र और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया। उन्हें उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जानकारी दी गई।
 

महिलाओं और बालिकाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम

स्कूल, कॉलेज और बाजारों में जागरूकता गतिविधियाँ

बालिकाओं के अधिकार और सशक्तिकरण पर जोर

उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा और निर्देशों के अनुसार चंदौली जिले के समस्त थानों में कम्युनिटी पुलिसिंग और महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से “मिशन शक्ति अभियान (फेज-5.0)” का आयोजन किया गया। यह अभियान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा है।

आपको बता दें कि अभियान के दौरान जिले के स्कूल, कॉलेज, बाजार, ग्रामीण क्षेत्र और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया। उन्हें उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जानकारी दी गई और यह संदेश दिया गया कि पुलिस हर समय उनके साथ है।

कार्यक्रम में महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, पति की मृत्युपरांत निराश्रित महिला योजना, महिला शरणालय, शक्ति सदन और सखी निवास के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।

साथ ही, महिलाओं और बालिकाओं के संरक्षण से जुड़े कानूनों जैसे घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम 2005, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम 2013, दहेज निषेध अधिनियम 1961 (संशोधित 1986), गर्भधारण पूर्व और प्रसवपूर्व निदान तकनीक अधिनियम 1994 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी भी साझा की गई।

स्थानीय थाना पर नवस्थापित मिशन शक्ति केन्द्र की कार्यप्रणाली, उद्देश्य और उपलब्ध सेवाओं के बारे में भी आमजन को बताया गया। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि महिलाओं और बालिकाओं के सवालों और समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।