मिशन शक्ति अभियान के तहत इलिया में जन चौपाल, महिलाओं-बालिकाओं को किया गया जागरूक
इलिया में जन चौपाल का आयोजन
महिलाओं और छात्राओं की बड़ी सहभागिता
महिला सुरक्षा और अधिकारों पर हुई चर्चा
एंटी रोमियो टीम ने गांवों में जागरूकता फैलाई
चंदौली जिले के उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण पर केंद्रित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक आकांक्षा गौतम की अगुवाई में थाना इलिया क्षेत्र के मंगल विद्या इंटर कॉलेज में जन चौपाल का आयोजन हुआ।
आपको बता दें कि जन चौपाल में बड़ी संख्या में महिलाएं और छात्राएं शामिल हुईं। इस दौरान उन्हें महिला सुरक्षा, सरकारी योजनाओं और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। पुलिस उपाधीक्षक आकांक्षा गौतम ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित माहौल प्रदान करना और उन्हें जागरूक करना है ताकि वे हर परिस्थिति में आत्मनिर्भर होकर अपने अधिकारों की रक्षा कर सकें।
अभियान के तहत जिले के अन्य थानों में भी गतिविधियां हुईं। थाना शहाबगंज की एंटी-रोमियो टीम ने ग्राम परसरी खुर्द में, थाना बबुरी टीम ने पचोखर विद्यालय में, थाना धीना पुलिस ने धीना रेलवे स्टेशन व आस-पास के क्षेत्रों में तथा थाना चकरघट्टा टीम ने बरवाडीह बाजार में छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी।
जन चौपाल में महिलाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, निराश्रित महिला योजना, शक्ति सदन और सखी निवास जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं को संरक्षण देने वाले प्रमुख कानूनों जैसे घरेलू हिंसा संरक्षण अधिनियम 2005, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम 2013, दहेज निषेध अधिनियम 1961 और लिंग चयन प्रतिषेध अधिनियम 1994 पर भी प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर थाना इलिया पर नवस्थापित मिशन शक्ति केंद्र की भूमिका और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी साझा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पुलिस महिलाओं को सुरक्षा और सहयोग देने के लिए सदैव तत्पर है और ऐसे जागरूकता अभियान भविष्य में भी निरंतर चलाए जाएंगे।