चंदौली के युवाओं के लिए खुशखबरी: अपना स्टार्टअप शुरू करने को मिलेगा 5 लाख तक का ब्याज मुक्त कर्ज

 

चंदौली में 'मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान' के तहत युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की कवायद शुरू हो गई है। योजना के अंतर्गत नए उद्योग और सेवा क्षेत्र के लिए 5 लाख रुपये तक का ऋण बिना किसी ब्याज के प्रदान किया जाएगा।

 
 

5 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण

परियोजना लागत पर 10% अतिरिक्त सब्सिडी

चंदौली जनपद को 1700 इकाइयों का लक्ष्य

8वीं पास और इंटरमीडिएट युवा पात्र

डिजिटल लेनदेन पर मिलेगा अतिरिक्त अनुदान

चंदौली जनपद में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME) को सुदृढ़ करने और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए 'मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान' का आगाज हो गया है। उपायुक्त उद्योग सिद्धार्थ यादव ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य आगामी 10 वर्षों में 10 लाख नई सूक्ष्म इकाइयां स्थापित करना है। इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए चंदौली जिले को 1700 इकाइयों का लक्ष्य आवंटित किया गया है, जो स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करेगा।

योजना के लाभ: बिना ब्याज के मिलेगा 5 लाख का ऋण
इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि उद्योग और सेवा क्षेत्र में नया व्यवसाय शुरू करने वाले युवाओं को 5 लाख रुपये तक का ऋण 4 वर्षों के लिए पूरी तरह ब्याज मुक्त दिया जाएगा। इसके अलावा, सरकार परियोजना लागत पर 10 प्रतिशत की अतिरिक्त मार्जिन मनी सब्सिडी भी प्रदान करेगी। डिजिटल अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए योजना में डिजिटल लेनदेन पर प्रति ट्रांजैक्शन 1 रुपये (अधिकतम 2000 रुपये प्रतिवर्ष) का अतिरिक्त अनुदान भी शामिल किया गया है।

पात्रता और आवेदन की शर्तें
योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक को उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना अनिवार्य है। आवेदक की आयु 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए और न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं पास या इंटरमीडिएट होनी चाहिए। ध्यान रहे कि आवेदक ने पहले पीएम स्वनिधि के अलावा किसी अन्य सरकारी स्वरोजगार योजना का लाभ न लिया हो। परियोजना में लाभार्थी को स्वयं का 10 प्रतिशत अंशदान लगाना होगा, जबकि CGTMSE कवरेज का खर्च सरकार वहन करेगी।

यहाँ करें संपर्क
जिले के इच्छुक युवा जो आत्मनिर्भर बनने का सपना देख रहे हैं, वे किसी भी कार्यदिवस में उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, चंदौली के कार्यालय से संपर्क कर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सरकार की यह पहल न केवल युवाओं को सशक्त बनाएगी बल्कि जनपद में रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी।