सड़क किनारे मिली लावारिस नवजात बच्ची, चाइल्ड लाइन को सौंपी गयी
जिले में दिल दहला देने वाली एक और घटना
कुआं गाँव में प्राथमिक विद्यालय के पास सड़क किनारे मिली नवजात बच्ची
चाइल्ड लाइन की निगरानी में उपचार जारी
सुबह महिलाओं ने सुनी रोने की आवाज
नवजात बच्ची को फेंकने वाले अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने शुरू की जांच
चंदौली जिले के कंदवा थाना इलाके में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना हुयी है। इलाके में सोमवार की सुबह कुआं गाँव स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप सड़क किनारे एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में पड़ी मिली। बच्ची को फेंकने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सोमवार की सुबह करीब पाँच बजे जब गाँव की महिलाएं शौच के लिए अपने घर से निकलीं, तो प्राथमिक विद्यालय के पास उन्हें किसी नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी। पास जाकर देखने पर महिलाएं हैरान रह गईं। सड़क किनारे बिना किसी कपड़े के एक नवजात बच्ची पड़ी थी। महिलाओं ने तुरंत उसे उठाया और गांव वालों को सूचना दी।
जिला अस्पताल रेफर, चाइल्ड लाइन ने ली निगरानी
गांव वालों द्वारा सूचना दिए जाने पर प्रभारी थानाध्यक्ष गंगाधर मौर्या के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस नवजात बच्ची को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी ले गई। बच्ची की नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल स्थित मातृ शिशु केंद्र (MCH) रेफर कर दिया।
प्रभारी थानाध्यक्ष गंगाधर मौर्या ने बताया कि पुलिस बच्ची को लेकर जिला अस्पताल पहुंची और तत्काल बाल कल्याण समिति (चाइल्ड लाइन) की टीम को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चाइल्ड लाइन की टीम ने अस्पताल पहुँचकर नवजात बच्ची को एसएनसीयू (Special Newborn Care Unit) में भर्ती कराया, जहाँ अब उसका उपचार और निगरानी चल रही है।
प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि बच्ची को फेंकने वाले अज्ञात व्यक्ति की तलाश की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना से पूरे कुंवा गाँव में आक्रोश और संवेदना का माहौल है। पुलिस आस-पास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्ची को किसने और किस कारण से सड़क किनारे फेंका।