NHM संविदा कर्मचारी संघ के चुनाव परिणाम घोषित, राजकुवर सिंह बने नए जिला अध्यक्ष, प्रवीण सिंह को मिली महामंत्री की कमान
चंदौली में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों की नई जिला कार्यकारिणी का चुनाव पारदर्शी तरीके से संपन्न हो गया है। भारी मतदान के बीच राजकुवर सिंह को नया अध्यक्ष और प्रवीण कुमार सिंह को महामंत्री चुना गया है।
एनएचएम संविदा कर्मचारियों की नई कार्यकारिणी गठित
राजकुवर सिंह 408 वोट पाकर बने जिला अध्यक्ष
प्रवीण कुमार सिंह को मिले रिकॉर्ड 425 वोट
प्रदीप कुमार निर्विरोध चुने गए उप मंत्री
अधिकारियों की देखरेख में पारदर्शी चुनाव संपन्न
चंदौली जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत कार्यरत संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की जिला कार्यकारिणी समिति के गठन के लिए जिला स्तरीय चुनाव प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हो गई है। मिशन निदेशक (उत्तर प्रदेश लखनऊ), अपर निदेशक (वाराणसी मंडल) और मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ चंदौली) के दिशा-निर्देशों के तहत यह चुनाव जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला कम्युनिटी प्रॉसेज मैनेजर और जिला लेखा प्रबंधक की देखरेख में आयोजित किया गया। जिला कार्यक्रम प्रबंधक की अध्यक्षता में हुए इस चुनाव में स्वास्थ्य कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
भारी मतदान के बीच प्रवीण बने महामंत्री
चुनाव के नतीजों के अनुसार, राजकुवर सिंह ने शानदार जीत दर्ज की और 408 मत हासिल कर जिला कार्यकारिणी समिति के नए अध्यक्ष चुने गए। वहीं, उपाध्यक्ष पद के मुकाबले में संतोष कुमार राय ने 255 मत पाकर जीत हासिल की। इसके अलावा, प्रवीण कुमार सिंह को महामंत्री पद के लिए 425 वोटों का भारी जनसमर्थन मिला और वे विजयी घोषित किए गए। उप मंत्री पद पर प्रदीप कुमार का निर्वाचन निर्विरोध संपन्न हुआ, जिससे पूरे संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई और सभी ने नवनिर्वाचित टीम को माला पहनाकर बधाई दी।
कर्मचारियों के हितों की रक्षा और तालमेल पर रहेगा पूरा जोर
इस चुनावी कामयाबी के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी मतदाता कर्मचारियों का दिल से आभार व्यक्त किया। अध्यक्ष राजकुवर सिंह और महामंत्री प्रवीण सिंह ने साझा तौर पर कहा कि वे संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की कार्यस्थल पर आने वाली हर छोटी-बड़ी समस्या को प्राथमिकता के आधार पर अधिकारियों के सामने उठाएंगे। उन्होंने संकल्प लिया कि संगठन कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए हमेशा संघर्षरत रहेगा। इसके साथ ही, कर्मचारियों और स्वास्थ्य विभाग के बीच एक मजबूत समन्वय (तालमेल) स्थापित किया जाएगा ताकि आम जनता को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी व सुलभ बनाया जा सके।