NHM संविदा स्वास्थ्य कर्मियों का हल्लाबोल: 6 सूत्रीय मांगों को लेकर CMO कार्यालय पर प्रदर्शन, लखनऊ कूच का ऐलान
चंदौली में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों ने 6 सूत्रीय मांगों को लेकर सीएमओ कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। नियमितीकरण, समान वेतन और ईपीएफ जैसी मांगों को लेकर कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और 12 अक्टूबर से लखनऊ कूच की चेतावनी दी।
चंदौली सीएमओ कार्यालय पर एनएचएम कर्मियों का प्रदर्शन
संविदा कर्मचारियों ने सौंपा 6 सूत्रीय मांग पत्र
नियमितीकरण और समान कार्य का समान वेतन मांग
8 से 10 अक्टूबर तक रहेगा कार्य बहिष्कार
मांगें न मानने पर 12 अक्टूबर को लखनऊ आंदोलन
चंदौली जिला में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों ने अपनी छह सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ आंदोलन का बिगुल बजाते हुए अपनी मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन सीएमओ को सौंपा।
1 लाख से अधिक कर्मचारियों की अनदेखी का आरोप
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि पूरे प्रदेश में एक लाख से अधिक संविदा कर्मी स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद लंबे समय से उनकी जायज मांगों की अनदेखी की जा रही है। कर्मचारियों ने अपनी मुख्य मांगों में नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन और वेतन वृद्धि के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।
ज्ञापन में शामिल रहीं ये प्रमुख मांगें
इसके अलावा संविदा कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा, महंगाई भत्ता और ईपीएफ का लाभ देने की मांग की गई। साथ ही रिक्त पदों पर गैर जनपद स्थानांतरण की नीति को फिर से बहाल करने तथा सेवा के दौरान कर्मचारी की मृत्यु होने पर उसके परिवार के किसी सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति देने की भी मांग उठाई गई। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजित करने और नियमित भर्तियों में NHM संविदा कर्मियों के लिए 25 प्रतिशत सीटों का कोटा तय करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
कार्य बहिष्कार और लखनऊ कूच का ऐलान
कर्मचारियों ने अपने आंदोलन की रणनीति बताते हुए कहा कि 5 से 7 अक्टूबर तक उन्होंने काला फीता बांधकर विरोध जताया था। इसके बाद 8 से 10 अक्टूबर तक पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार द्वारा मांगें पूरी नहीं की गईं, तो 12 अक्टूबर से लखनऊ कूच कर प्रदेशव्यापी आंदोलन को और तेज किया जाएगा।