चंदौली में अफसरों ने किया वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण, व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश
वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने किया वन स्टॉप सेंटर का दौरा
एडीजी पीयूष मोर्डिया ने दिए संयुक्त बैठक के निर्देश
डीआईजी वैभव कृष्ण व जिलाधिकारी ने ली व्यवस्थाओं की जानकारी
चंदौली जिले में महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर का शनिवार को उच्च अधिकारियों की टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान एडीजी पीयूष मोर्डिया, डीआईजी वैभव कृष्ण, जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग, पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं सहित अन्य अधिकारियों ने सेंटर का दौरा किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
आपको बता दें कि निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। एडीजी पीयूष मोर्डिया ने निर्देश दिया कि अपर पुलिस अधीक्षक, प्रोवेशन विभाग और स्वास्थ्य विभाग मिलकर एक संयुक्त बैठक करें और नीति को और प्रभावी बनाने की कार्ययोजना तैयार करें।
अधिकारियों ने सेंटर की साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तार से जांच की। निरीक्षण में सभी सीसीटीवी कैमरे सही पाए गए। शौचालय, रसोईघर, आरओ, वॉटर कूलर और फ्रिज की व्यवस्था संतोषजनक मिली। सेंटर प्रभारी दीक्षा अग्रहरी को निर्देश दिया गया कि सभी व्यवस्थाओं को लगातार दुरुस्त बनाए रखें।
अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि सेंटर में रह रही महिलाओं और निर्वासित लड़कियों को सुबह-शाम समय पर भोजन मिले।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी आर जगत सांई, जिला प्रोवेशन अधिकारी प्रभात कुमार सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।