अभिषेक फार्मेसी कॉलेज में बड़े ही धूमधाम से फार्माकोविजिलेंस सप्ताह का आयोजन
अभिषेक फार्मेसी कॉलेज में फार्माकोविजिलेंस सप्ताह का आयोजन
दीप प्रज्ज्वलन से कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया
विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर प्रतिभा दिखाई
क्विज, पोस्टर, ओरल प्रेजेंटेशन सहित विविध प्रतियोगिताएं आयोजित
चंदौली जिला मुख्यालय स्थित अभिषेक फार्मेसी कॉलेज में दिनांक 17 से 23 सितंबर 2025 तक पाँचवाँ फार्माकोविजिलेंस सप्ताह बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कॉलेज परिवार ने विविध शैक्षणिक व सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि फार्माकोविजिलेंस आज की महत्वपूर्ण आवश्यकता है, क्योंकि दवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में इसका अहम योगदान है। उन्होंने विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में नई संभावनाओं को अपनाने और समाज के हित में कार्य करने का आह्वान किया। कॉलेज के निदेशक डॉ. आदेश बावने ने कहा कि फार्माकोविजिलेंस फार्मेसी जगत की एक उभरती हुई शाखा है, जहां फार्मासिस्ट की भूमिका निरंतर महत्वपूर्ण होती जा रही है। उन्होंने भविष्यवाणी की कि आने वाले समय में फार्मासिस्ट देश ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अपनी अहम छाप छोड़ेंगे।
कार्यक्रम के अंतर्गत फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया की अधिसूचना के अनुसार विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें क्विज प्रतियोगिता, पोस्टर प्रेजेंटेशन, ओरल प्रेजेंटेशन, नुक्कड़ नाटक और निबंध प्रतियोगिता शामिल थीं। सभी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
परिणाम घोषणा में पोस्टर प्रेजेंटेशन में इश्मा, साम्भा, सोलू और इकलास ने श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। क्विज प्रतियोगिता में मिथिलेश, आदित्य गुप्ता और अभिषेक विजयी रहे। वहीं ओरल प्रेजेंटेशन में इश्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर कॉलेज का गौरव बढ़ाया। इन प्रस्तुतियों ने न केवल विद्यार्थियों के ज्ञान को समृद्ध किया, बल्कि उन्हें फार्माकोविजिलेंस के व्यावहारिक पक्ष से भी अवगत कराया।
समापन समारोह में अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार यादव ने सभी विजेता व प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्रों में आत्मविश्वास, ज्ञानवृद्धि और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं।
इस अवसर पर कॉलेज के नोडल ऑफिसर आलोक कुमार पाल तथा शिक्षकगण विनय, शुभम, श्रेयस, ज्ञान प्रकाश, गोविंद, निधि पांडे, आबिद और सुनीति सहित पूरी फैकल्टी मौजूद रही। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सहयोग दिया।