PM Kisan सम्मान निधि की 22वीं किस्त जारी, चंदौली के अन्नदाताओं के खातों में पहुंची बड़ी राशि, विधायक सुशील सिंह ने बांटे प्रमाण पत्र

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुवाहाटी से पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त जारी कर दी है। इसके तहत चंदौली के करीब 2 लाख किसानों को सीधे लाभ मिला है। जानें विधायक सुशील सिंह की मौजूदगी में हुए इस भव्य कार्यक्रम की पूरी रिपोर्ट।

 
 

चंदौली के 1.98 लाख किसानों को लाभ

प्रधानमंत्री ने गुवाहाटी से जारी की किस्त

विधायक सुशील सिंह ने बांटे प्रमाण पत्र

प्राकृतिक खेती के लिए कृषि सखियों को ट्रेनिंग

पंचायत भवनों पर हुआ लाइव प्रसारण

चंदौली जिले के किसानों का केंद्र सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी योजना 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि' की 22वीं किस्त का इंतजार आज खत्म हो गया। शुक्रवार, 13 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के गुवाहाटी से एक क्लिक के जरिए देश के करोड़ों किसानों के साथ-साथ जनपद चंदौली के 1,98,246 किसानों के बैंक खातों में सम्मान निधि की राशि सीधे हस्तान्तरित की।

सैयदराजा विधायक की उपस्थिति में भव्य आयोजन
जनपद स्तर पर इस अवसर को उत्सव के रूप में मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम कृषि विज्ञान केंद्र (KVK), चंदौली में आयोजित हुआ, जहाँ मुख्य अतिथि के रूप में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह उपस्थित रहे। उनके साथ उप कृषि निदेशक भीमसेन और कृषि वैज्ञानिकों की टीम ने प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा। जिले के सभी विकास खंडों और ग्राम पंचायत भवनों पर भी लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की गई थी, जिससे हजारों किसान सीधे तौर पर इस कार्यक्रम से जुड़ सके।

कृषि सखियों को मिले प्रमाण पत्र, प्राकृतिक खेती पर जोर
कार्यक्रम के दौरान विधायक सुशील सिंह ने 'नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग' योजना के तहत आयोजित 05 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा करने वाली 44 कृषि सखियों और CRP (कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन) को प्रमाण पत्र वितरित किए।

विधायक ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का लक्ष्य किसानों की आय दोगुनी करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने किसानों से रसायनों का त्याग कर प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की, ताकि आने वाली पीढ़ियों को जहरमुक्त भोजन और उपजाऊ भूमि मिल सके।

प्रगतिशील किसानों का जमावड़ा
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र रघुवंशी, डॉ. अमित सिंह, अवर अभियंता मानसिंह और विषय वस्तु विशेषज्ञ अरुण कुमार यादव सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रगतिशील किसान रिपुसूदन पाण्डेय, ओमकार सिंह और शारदा पाठक ने भी अपने अनुभव साझा किए।

उप कृषि निदेशक भीमसेन ने बताया कि जिन किसानों के केवाईसी (e-KYC) और लैंड सीडिंग का काम पूरा था, उन सभी पात्र लाभार्थियों के खाते में पैसे भेज दिए गए हैं। विधायक सुशील सिंह ने लाभार्थियों को बधाई देते हुए सरकार की अन्य कृषि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।