मोदी के जन्मदिन पर भव्य दीपोत्सव की योजना, शाम 7 बजे हर घर में जलेंगे दीप,  ऐसे चलेगा सेवा संकल्प अभियान

चंदौली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक सेवा काल पर 17 सितंबर को 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत भव्य दीपोत्सव मनाया जाएगा। दिन में रक्तदान शिविर और दिव्यांगों के लिए विशेष कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

 

17 सितंबर को चंदौली में दीपोत्सव

शाम 7 बजे जलेंगे हर घर दीप

रक्तदान और दिव्यांगों के विशेष कार्यक्रम

प्रभारी मंत्री संजीव गोंड ने की समीक्षा

विकसित भारत का लिया जाएगा संकल्प

 चंदौली जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 साल पूरे होने के अवसर पर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस ऐतिहासिक मौके को यादगार बनाने के लिए 17 सितंबर को पूरे जिले में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

शाम 7 बजे दीयों की रोशनी से जगमगाएगा पूरा जिला
'सेवा संकल्प अभियान' के तहत 17 सितंबर को शाम 7 बजे जिलेभर के लोग अपने-अपने घरों में दीप जलाएंगे। इसके साथ ही जिले के प्रमुख मंदिरों, नदी घाटों, पार्कों, स्कूल-कॉलेजों, अस्पतालों और अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों को भी दीपों की रोशनी से सजाया जाएगा। प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस पूरे आयोजन को ऐतिहासिक और भव्य रूप देने में जुटे हैं।

दिन में रक्तदान शिविर और दिव्यांगजनों के लिए विशेष कार्यक्रम
दीपोत्सव के अलावा दिन के समय चयनित ग्राम पंचायतों और शहरी वार्डों में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही दिव्यांगजनों के लिए भी विशेष कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इन कार्यक्रमों में आम जनता की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रभारी मंत्री संजीव गोंड ने ली थी तैयारी मीटिंग
मंगलवार शाम पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में प्रभारी मंत्री संजीव गोंड की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करना और 'विकसित भारत' के सामूहिक संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।


इस समीक्षा बैठक में जिले के तमाम प्रमुख जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में राज्यसभा सांसद साधना सिंह, राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह, विधायक रमेश जायसवाल, विधायक कैलाश खरवार और भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने का संकल्प दोहराया।