UP का 'राजेश मिक्स मसाला' निकला नकली: पूरे प्रदेश में बिक्री पर बैन, चंदौली में नमकीन फैक्ट्री पर छापा
यूपी में 'राजेश मिक्स मसाला' का सैंपल असुरक्षित पाए जाने पर पूरे राज्य में बिक्री रोक दी गई है। वहीं, चंदौली के औद्योगिक क्षेत्र स्थित 'साईं नमकीन इंडस्ट्रीज' पर छापे के दौरान भारी अनियमितताएं मिलने पर नोटिस जारी किया गया है।
राजेश ब्रांड मिक्स मसाला सब्जी मसाला असुरक्षित घोषित
पूरे उत्तर प्रदेश में राजेश मसाला बिक्री पर रोक
बाजार से असुरक्षित बैच री-कॉल करने का आदेश
चंदौली में साईं नमकीन इंडस्ट्रीज पर छापेमारी
गंदगी और कमियां मिलने पर फैक्ट्री संचालक को नोटिस
उत्तर प्रदेश के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले खाद्य उत्पादकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश शासन के आदेश पर एक मशहूर ब्रांड के सब्जी मसाले की बिक्री पर पूरे प्रदेश में तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
कुशीनगर से लिया गया था सैंपल, जांच में निकला खतरनाक
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश (लखनऊ) के आदेशानुसार, अमेठी स्थित विनिर्माता 'राजेश फूड्स एंड कंज्यूमर्स प्रा० लि०' (गौरीगंज रोड, रायपुर फुलवारी, जनपद अमेठी) द्वारा निर्मित 'राजेश ब्रांड मिक्स मसाला पाउडर (सब्जी मसाला)' के बैच/लॉट नंबर 03 का नमूना पूर्व में कुशीनगर जिले से लिया गया था। प्रयोगशाला में जांच के बाद यह नमूना स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक और 'असुरक्षित' पाया गया।
बाजार से सभी पैकेट वापस लेने के सख्त निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने इस संबंधित बैच/लॉट के मसाले की पूरे प्रदेश में बिक्री पर तुरंत प्रतिबंध लगा दिया है। इसके साथ ही, संबंधित निर्माता कंपनी को बाजार से इस असुरक्षित बैच के सभी पैकेट वापस (री-कॉल) लेने की प्रक्रिया शुरू करने के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
चंदौली के औद्योगिक क्षेत्र में नमकीन फैक्ट्री पर छापा
इसी कड़ी में, चंदौली जिले में भी खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.एन. त्रिपाठी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने औद्योगिक क्षेत्र फेस-2 स्थित 'साईं नमकीन इंडस्ट्रीज' पर अचानक छापा मारा। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद सिंह ने मौके पर नमकीन निर्माण की प्रक्रिया और साफ-सफाई का गहनता से निरीक्षण किया।
सैंपल जांच के लिए भेजे गए
निरीक्षण में नमकीन निर्माण स्थल पर भारी कमियां और गंदगी पाई गई, जिस पर विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए फैक्ट्री संचालक को सुधार हेतु नोटिस जारी कर दिया है। इसके अलावा, गुणवत्ता की जांच के लिए मौके से नमकीन के दो अलग-अलग सैंपल एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से जिले के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।