चंदौली के 865 राशन कोटेदारों की हुई बल्ले-बल्ले: सरकार ने बढ़ाया लाभांश, अब प्रति कुंतल मिलेंगे 125 रुपये

उत्तर प्रदेश सरकार ने राशन कोटेदारों का कमीशन 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल कर दिया है। चंदौली के 865 कोटेदारों को इस फैसले से बड़ा आर्थिक फायदा मिलेगा। सैयदराजा में आयोजित कार्यक्रम में योजना का शुभारंभ हुआ।

 

राशन कोटेदारों का लाभांश 125 रुपये प्रति कुंतल हुआ

चंदौली जिले के 865 कोटेदारों को मिलेगा फायदा

सैयदराजा में कार्यक्रम में लाइव प्रसारण दिखाया गया

ई-पॉस आधारित राशन पोर्टेबिलिटी प्रणाली का शुभारंभ

अन्नपूर्णा भवन से बिकेंगे 39 तरह के सामान

चंदौली जिले के राशन कोटेदारों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ी खुशखबरी दी है। राज्य सरकार ने राशन विक्रेताओं का लाभांश (कमीशन) बढ़ा दिया है, जिससे कोटेदारों को आर्थिक रूप से काफी मदद मिलेगी। इसके साथ ही राशन वितरण प्रणाली को ज्यादा पारदर्शी बनाने के लिए नई व्यवस्था का भी शुभारंभ किया गया है।

सोमवार को सैयदराजा स्थित एक निजी मैरिज हॉल में लखनऊ से आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस मौके पर जिले के कई बड़े अधिकारी, जन प्रतिनिधि और भारी संख्या में कोटेदार मौजूद रहे।

865 कोटेदारों को मिलेगा 35 रुपये प्रति कुंतल का फायदा

सरकार के नए फैसले के मुताबिक, प्रदेशभर के 78 हजार से ज्यादा राशन कोटेदारों का लाभांश अब 90 रुपये प्रति कुंतल से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल कर दिया गया है। यानी अब कोटेदारों को हर कुंतल पर 35 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। इस निर्णय से चंदौली जिले के कुल 865 राशन कोटेदारों को सीधे तौर पर आर्थिक लाभ पहुंचेगा। कोटेदारों ने सरकार के इस कदम का स्वागत किया है और इसे अपनी लंबे समय से चली आ रही मांग का पूरा होना बताया है।

सीएम योगी ने शुरू की ई-पॉस आधारित पोर्टेबिलिटी

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉस आधारित पोर्टेबिलिटी प्रणाली की शुरुआत की। इस नई तकनीक का मकसद राशन बांटने के काम में धोखाधड़ी रोकना और कार्डधारकों को आसानी से राशन उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में जिलाधिकारी चंद्र मोहन, सीडीओ आर. जगत, सैयदराजा विधायक प्रतिनिधि किरण सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि महेंद्र सिंह और नगर पंचायत अध्यक्ष आभा जायसवाल मौजूद रहीं। जिला पूर्ति अधिकारी वासुदेव तिवारी ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया।

अन्नपूर्णा भवन से बिकेंगे 39 प्रकार के दैनिक उत्पाद

कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि अब अन्नपूर्णा भवन के जरिए 39 तरह के रोजमर्रा के उत्पादों की बिक्री भी की जाएगी। राशन कोटेदार इन अन्नपूर्णा भवनों के संरक्षक के रूप में काम करेंगे और इन सामानों की बिक्री करेंगे। इससे आम जनता को एक ही जगह पर राशन के साथ-साथ दैनिक जरूरत की चीजें मिल सकेंगी। वहीं, लाभांश में 35 रुपये की बढ़ोतरी से जिले के कोटेदारों की आमदनी बढ़ेगी और उन्हें काफी राहत मिलेगी।