सैयदराजा सोगाई रोड पर सड़क हादसा, एक की मौके पर मौत, दूसरा पहुंचा ट्रॉमा सेंटर

घटना के बाद क्षेत्र में फैली अफवाहों को रोकने के लिए पुलिस ने हल्का इंचार्ज और अतिरिक्त बल मौके पर भेजकर स्थिति की जांच की। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की जांच पूरी की जा चुकी है और घटना दुर्घटना ही साबित हुई है।
 

सैयदराजा-सोगाई रोड पर हादसा 


हादसे में एक की मौत और दूसरे की हालत गंभीर


 मारपीट की अफवाहों पर पुलिस ने लगाई रोक

चंदौली जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र अंतर्गत सैयदराजा सोगाई रोड पर काजीपुर के पास सोमवार देर रात हुए हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सैयदराजा पुलिस हरकत में आई और पूरे क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार बाइक सवार दो युवक रात्रि में शराब ठेके के पास पहुंचे थे, उसी दौरान उनके बीच हुई  कहासुनी और कथित मारपीट की चर्चा क्षेत्र में फैल गई और वहीं पर खून का निशान भी पाया गया है तो चर्चा और भी तेजी से फैल गयी। इसी बीच लोगों में यह अफवाह फैल गई कि दुर्घटना किसी झगड़े के दौरान हुई है। 

 शराब के ठेके पर सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं, जिसके जरिए घटना का पता लगाने की कोशिश की गयी। हालांकि मौके से पुलिस  द्वारा जुटाई गई जानकारी और पुलिस जांच में यह स्पष्ट हो गया कि मामला सड़क दुर्घटना का ही है। हादसे में छोटू सिंह पुत्र रामबली सिंह की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतक बगहीं गांव का निवासी बताया जा रहा है, जबकि दूसरा युवक विनायक सिंह पुत्र सुशील सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।

लोगों की मदद से घायल विनायक सिंह को पहले केयर हॉस्पिटल ले जाया गया, जहाँ से उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए उसे जिला अस्पताल और बाद में ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। 

घटना के बारे में सैयदराजा थाना प्रभारी बिंदेश्वरी पांडे ने बताया कि घटना पूरी तरह सड़क दुर्घटना है, न कि किसी मारपीट के दौरान हुई। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, घायल विनायक सिंह ने भी पुलिस को दिए अपने बयान में स्पष्ट किया कि हादसा बाइक खड़ी ट्रक में टकराने के कारण हुआ, इसमें किसी प्रकार की मारपीट या हमला शामिल नहीं है।

घटना के बाद क्षेत्र में फैली अफवाहों को रोकने के लिए पुलिस ने हल्का इंचार्ज और अतिरिक्त बल मौके पर भेजकर स्थिति की जांच की। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की जांच पूरी की जा चुकी है और घटना दुर्घटना ही साबित हुई है। मृतक के परिवार में घटना के बाद कोहराम मचा है, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।