दर्दनाक हादसा: बच्चों को दवा दिलाकर लौट रहे पिता की सड़क दुर्घटना में मौत

चंदौली के सैयदराजा में NH-19 पर सड़क हादसे में बाइक सवार सुजीत सिंह की वाहन की टक्कर से मौत हो गई। पिता को खोकर बच्चे बदहवाश हो गए। बच्चों के सामने हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार वाहन की तलाश जारी है।
 

चंदौली NH-19 पर दर्दनाक हादसा

बच्चों को दवा दिलाकर लौट रहे बिसौरी निवासी सुजीत सिंह

सैयदराजा के पास वाहन की टक्कर से बाइक सवार पिता की मौत, बच्चे घायल

चंदौली जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र के फुटिया गांव के समीप नेशनल हाईवे 19 पर रविवार की दोपहर एक हृदय विदारक दुर्घटना घटित हुई। बिसौरी गांव निवासी सुजीत सिंह उर्फ नन्हें (44) अपने बेटे और बेटी को दवा दिलाने के लिए अस्पताल गए थे। दवा दिलाने के बाद वह दोनों बच्चों को बाइक पर बैठाकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान फुटिया गांव के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

बच्चों के सामने पिता की मौके पर मौत

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक उछलकर सड़क पर जा गिरी। सुजीत सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी, जिसके कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर बैठे दोनों बच्चे हल्के चोटिल हुए। अपनी आंखों के सामने पिता की मौत देखकर बच्चे बदहवाश हो गए। इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। टक्कर मारने वाला वाहन चालक दुर्घटना के तुरंत बाद अपने वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

पुलिस कार्रवाई और शोक का माहौल

हादसे की सूचना मिलते ही सैयदराजा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष विंदेश्वरी प्रसाद पांडेय ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है और टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पोस्टमार्टम हाउस पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुजीत सिंह के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है, और पूरे बिसौरी गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।