सैयदराजा में 60 साल पुरानी परंपरा जीवंत: धूमधाम से निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

चंदौली के सैयदराजा में गुरुवार को 60 साल पुरानी धार्मिक परंपरा के तहत भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा और मेले का आयोजन हुआ। विधायक सुशील सिंह की पत्नी किरण सिंह और चकिया विधायक कैलाश आचार्य ने पूजा-आरती कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
 

60 वर्षों की भव्य ऐतिहासिक परंपरा

सैयदराजा में निकली जगन्नाथ रथयात्रा

भीम बाबा मंदिर से हुआ शुभारंभ

चकिया विधायक ने की महाआरती

विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु

 

चंदौली जिले के आदर्श नगर पंचायत सैयदराजा में गुरुवार को आस्था और उल्लास का अद्भुत नजारा देखने को मिला। वर्षों की भांति इस वर्ष भी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा और पारंपरिक मेले का आयोजन भीम बाबा मंदिर सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में बेहद श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। लगभग छह दशक पुरानी इस अनूठी धार्मिक परंपरा में हिस्सा लेने के लिए पूरा नगर सड़कों पर उतर आया।

किरण सिंह और आभा जायसवाल ने किया शुभारंभ
इस पावन रथयात्रा का शुभारंभ सैयदराजा विधायक सुशील सिंह की धर्मपत्नी किरण सिंह और नगर पंचायत अध्यक्ष आभा जायसवाल ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर किया। इसके बाद भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा और बलभद्र की प्रतिमाओं से सुसज्जित रथ भीम बाबा मंदिर से रवाना हुआ। रथयात्रा के आगे-आगे बजते पारंपरिक वाद्ययंत्र और भक्तों के जयकारों से पूरा सैयदराजा कस्बा गुंजायमान हो उठा।

जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भक्तों ने उतारा उतारा उतारा
भगवान जगन्नाथ का रथ जैसे ही नगर के विभिन्न वार्डों और प्रमुख मार्गों से गुजरा, श्रद्धालुओं ने पलक-पावड़े बिछाकर उनका स्वागत किया। भक्तों ने अपने घरों के बाहर और छतों से भगवान के रथ पर पुष्पवर्षा की और आरती उतारी। यह रथयात्रा भीम बाबा मंदिर से शुरू होकर पौहारी बाबा की कुटिया और रामलीला मैदान होते हुए वापस अपने प्रस्थान बिंदु भीम बाबा मंदिर पहुंची, जहां रथ का विश्राम हुआ।

चकिया विधायक कैलाश आचार्य ने उतारी महाआरती
रथयात्रा के मंदिर परिसर में वापस लौटने पर महाआरती का आयोजन किया गया। इस मौके पर चकिया विधायक कैलाश आचार्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भगवान जगन्नाथ की आरती उतारकर जनपद और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। आरती के बाद मंदिर परिसर में एक विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें विधायक समेत हजारों श्रद्धालुओं ने बैठकर भगवान का प्रसाद ग्रहण किया।

गणमान्य नागरिकों और श्रद्धालुओं की रही गरिमामयी उपस्थिति
मेले में सैयदराजा और आसपास के ग्रामीण इलाकों से भारी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग पहुंचे। इस भव्य धार्मिक उत्सव को सफल बनाने में व्यापार मंडल अध्यक्ष सतनाम सिंह, राजेश जायसवाल उर्फ वाढू, सभासद प्रतिनिधि अंकित जायसवाल, भाजपा जिला महामंत्री सुजीत जायसवाल, मंडल अध्यक्ष विपिन सिंह और संतोष जायसवाल समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।