सैयदराजा थाने पर लाश लेकर सैकड़ों लोगों का प्रदर्शन, जहर का इंजेक्शन लगाकर जान मारने का आरोप

चंदौली के सैयदराजा थाने पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब 100 से अधिक ग्रामीणों ने महेंद्र राम का शव रखकर घेराव कर दिया। परिजनों का आरोप है कि दो लोगों ने सूई लगाकर हत्या की है। जानिए क्या है पूरा मामला।

 

सैयदराजा थाने पर शव रखकर ग्रामीणों का जोरदार प्रदर्शन

दो लोगों पर जहर की सूई लगाने का गंभीर आरोप

इलाज के बाद घर लौटने पर रात में हुई मौत

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन

पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की कानूनी कार्रवाई

चंदौली जिले के सैयदराजा थाने पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कल्याणपुर ग्राम सभा के मिश्रपुरा गांव निवासी महेंद्र राम का शव लेकर उनके परिजन और लगभग 100 से अधिक ग्रामीण थाने पहुंच गए। परिजनों ने थाने का घेराव करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और दो नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। घटना के बाद से ही क्षेत्र में तनाव का माहौल है, हालांकि पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है।

जहर की सुई लगाने का गंभीर आरोप
मृतक महेंद्र राम के परिजनों का आरोप है कि बुधवार को रिश्तेदारी के दो दबंग व्यक्तियों ने उन्हें जबरन जहर की सुई लगा दी और मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी होते ही घायल महेंद्र को इलाज के लिए सबसे पहले सैयदराजा नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के बाद जब महेंद्र की स्थिति में सुधार हुआ, तो उन्हें घर भेज दिया गया।

इलाज के बाद घर पर हुई मौत
परिजनों के अनुसार, अस्पताल से लौटने के बाद रात लगभग 2 बजे महेंद्र की तबीयत अचानक फिर से बिगड़ गई और देखते ही देखते उनकी मौत हो गई। महेंद्र की मौत से आक्रोशित परिजनों का कहना है कि सुई में जहर होने के कारण ही उनकी जान गई है। सुबह होते ही ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़ गए और शव को सैयदराजा थाने के गेट पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

पुलिस कर रही है बवाल को शांत कराने की कोशिश 
सूचना मिलने पर पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल, पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। मौके पर मामला फिलहाल शांत है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात है।